पहली खेप रवाना करने से पहले पूजन करते सीएमडी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के रोहतक आईएमटी में स्थित मिश्र धातु निगम लिमिटेड (मिधानी) भारत सरकार की आर्मरिंग यूनिट ने सेना के जवानों के लिए बुलेट प्रूफ जैकेट की पहली खेप रवाना की। कानपुर ऑर्डिनेंस के लिए पहली खेप से लदे वाहन को निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. संजय कुमार झा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यहां संयंत्र के प्रमुख एजीएम कर्नल अश्विनी कुमार व एचएसआईडीसी के राज्य प्रबंधक कुलदीप कादियान भी मौजूद रहे। इससे पूर्व, सीएमडी ने एमडीयू में आयोजित सुरक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां युवाओं की इन उपकरणों के प्रति बनी रुचि को सराहा।
निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने कहा कि मिधानी नवीनतम मिश्रित तकनीक का उपयोग कर रही है। इसने बुलेट प्रूफ जैकेट के वजन को पुराने संस्करणों से काफी कम कर दिया है। आर्मर यूनिट रोहतक आर्मर उत्पादों के संपूर्ण स्पेक्ट्रम के लिए उत्पादन सुविधा वाली अपनी तरह की पहली इकाई है।
मिधानी रक्षा प्रदर्शनी का दौरा कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी 19 दिसंबर तक एनसीसी कैडेट्स, छात्रों व जनता के लिए बख्तरबंद वाहन, बुलेट प्रूफ जैकेट, बनियान, बीआर हेलमेट, हेलीकॉप्टर आर्मरिंग व अन्य व्यक्तिगत और सामूहिक सुरक्षा उपकरण देखने के लिए लगाई गई है।
प्रदर्शनी में सभी को बुलेट प्रूफ उत्पाद पहनने का अवसर दिया जा रहा है। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत यह प्रदर्शनी विश्वविद्यालय में युवाओं को प्रेरित करने व रक्षा स्वदेशी क्षमताओं का प्रदर्शन करने के उद्देश्य से लगाई गई है। इस मौके पर वरिष्ठ प्रबंधक देवजीत घोष, प्रबंधक देवराज वर्मा, उप प्रबंधक रवींद्र तक्षक, एचएसआईडीसी के डीजीएम अश्विनी, मनोज वशिष्ठ समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।