रिंग में फाइटर्स ने एक-दूसरे पर लोहे की कुर्सी और मेज से किए वार
- फोटो : amar ujala
एमडीयू में अंतरराष्ट्रीय खेल दिवस समारोह में खिलाड़ी कुर्सियां और मेज लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। एमडीयू में यह पहली बार हुआ होगा कि खिलाड़ी एक दूसरे के जान के प्यासे थे। मौका था इंडियन एक्सट्रीम रेसलिंग का। मंगलवार को एमडीयू के इतिहास में पहली बार डब्ल्यूडब्ल्यूई की तर्ज पर इंडियन एक्सट्रीम रेसलिंग (आईएक्सडब्ल्यू) की रियल फाइट कराई गई।
आईएक्सडब्ल्यू की पहली फाइट वन मैन हुई। इसमें फाइटर रॉकी और पंजाब के रेसलर दिलावर के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। कड़े मुकाबले के बीच रॉकी ने जीत हासिल की। दूसरी फाइट चार फाइटर्स के बीच हुई। डैनी, मास्कमैन और रेंज, फ्लैस के बीच यह फाइट खेली गई। इसमें डैनी ने तीनों फाइटर्स को धूल चटाई।
तीसरी फाइट में जैक-आरडीएक्स और एमडीयू के फाइटर प्रशांत-नील के बीच मुकाबले हुए। कांटे की टक्कर के मुकाबले में प्रशांत और नील ने फाइट जीती।
खिलाड़ियों से लेकर दर्शकों में दिखा उत्साह
रोमांच से भरपूर रियल फाइट में जैसे ही फाइटर एक-दूसरे पर वार करते वहां पर मौजूद लड़के और लड़कियां भी उनका हौसला अफजाई के लिए हुटिंग करते रहे। इस पल को हर कोई अपने मोबाइल में कैद करना चाहता था। दर्शकों के उत्साह का आलम यह था कि उन्हें रिंग से दूर रखने के लिए आयोजकों को सिक्योरिटी की मदद लेनी पड़ी।
गर्मी के कारण रहा बुरा हाल
जिम्नेजियम में हद से ज्यादा भीड़ होने के कारण वहां पर उमस बन गई। गौरतलब है कि इस हाल को वातानुकुलित किया जा रहा है। मंगलवार को ट्रायल के तौर पर इसे शुरू कर दिया गया, लेकिन शुरुआती दौर टेक्निकल खामियों के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा।