15सीटीके24-एमडीयू में आयोजित बैठक में संबोधित करते कुलपति प्रो. राजबीर सिंह। स्रोत:एमडीयू
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) 19 अप्रैल को स्वर्ण जयंती स्थापना दिवस मनाने जा रहा है। इस दिन विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय की गौरवशाली 50 वर्षों की विकास यात्रा का वर्णन किया जाएगा। यही नहीं, विवि 50वीं वर्षगांठ का नया लोगो भी जारी करेगा। इसी कड़ी में मंगलवार को कुलपति प्रो. राजबीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। यहां एमडीयू के स्थापना दिवस की स्वर्ण जयंती आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
वर्तमान लोगो में 50 अंक भी जोड़ा जाएगा। यह विवि के 50 वर्षों को दर्शाएगा। विवि में एक सप्ताह तक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें विश्वविद्यालय के सभी विभाग अपनी स्थापना से लेकर अभी तक अपनी विकास यात्रा को प्रदर्शित करेंगे। कुलपति ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय 50 वर्षों का एक अहम पड़ाव हासिल करने जा रहा है।
इस मौके पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एएस मान, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत, निदेशक इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल प्रो. बी. नरसिम्हन, डीन, स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रणदीप राणा, निदेशक डिस्टेंस और ऑनलाइन एजुकेशन सेंटर प्रो. नसीब सिंह गिल, निदेशक जनसंपर्क प्रो. आशीष दहिया समेत विभिन्न संकायों के डीन, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष मौजूद रहे।