रोहतक। सिटी थानाक्षेत्र के सैनिक कॉलोनी स्थित सागर भोजनालय के रसोइये की मौत में अब नया मोड़ आ गया है। रसोइये की मौत नहीं बल्कि हत्या की गई थी और उनके शरीर पर 10 चोट मिली हैं। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। अब पीड़ित बेटे की शिकायत पर पुलिस ने संदिग्ध मौत के मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी है।
पुलिस ने हत्या के प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव सात अप्रैल को ढाबा की छत पर पड़ा मिला था। घटना के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध माना और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उस समय तो संदिग्ध मानते हुए ही पुलिस ने कार्रवाई की थी।
पीजीआईएमएएस से 14 अप्रैल को पुलिस को बलजीत कुमार के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली तो यह देखकर पुलिस सकते में आ गई। चूंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बलजीत कुमार को अंदरूनी 10 चोट लगी हुई मिली है। उसी के आधार पर उनके केस में हत्या की धारा भी जोड़ दी है। अब पुलिस ने हत्या के दृष्टिकोण से जांच शुरू कर दी है।
6 अप्रैल की रात को क्या हुआ था ऐसा कि बलजीत की हत्या हो गई
पुलिस ने बताया कि बलजीत कुमार ने 6 अप्रैल की रात को अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों के साथ रात 12 बजे के बाद शराब पार्टी की थी। ढाबा संचालक ने बताया कि रात को वह छत पर सो गए थे और बाकी कर्मी अपने कमरे में चले गए थे। सुबह जब देर तक वह नहीं उठे तो उन्हें जगाने के लिए युवक को भेजा तो उसने बताया कि वह तो उठ नहीं रहे। फिर सभी ने जाकर देखा तो बलजीत कुमार मृत अवस्था में पड़े थे। इसके बाद पुलिस और परिजन को सूचना दी गई। 7 अप्रैल को बलजीत की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, लेकिन इसे सामान्य मौत ही मान रही थी।
रसोइये बलजीत की पहले सामान्य मौत मान रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसमें हत्या की धाराएं भी जोड़ दी हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रवि खुंडिया, डीएसपी मुख्यालय