रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) की यूटीडी योग टीम ने अंतर-महाविद्यालय योग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतियोगिता महाराजा अग्रसेन महिला महाविद्यालय झज्जर में आयोजित की गई है। विजेता टीम में योग अध्ययन केंद्र की छात्राएं मीनाक्षी, राखी, मानसी, वर्षा, सपना (गणित विभाग) व मीनाक्षी (शारीरिक शिक्षा विभाग) शामिल रहीं।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि यह सफलता योग अभ्यास, अनुशासन और मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्कीम फॉर स्किल-बेस्ड स्टूडेंट्स के अंतर्गत एम.ए.योग के विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के छात्रावासों में योग प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।
योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रतिमाह 8,000 से 12,000 रुपये का मानदेय प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें पेड इंटर्नशिप प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा। योग प्रशिक्षक विश्वविद्यालय के बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल्स में सुबह और शाम योग कक्षाओं का संचालन करेंगे। कुलपति ने नरेश अहलावत के प्रयासों की भी प्रशंसा की जो प्रतिदिन टैगोर सभागार के पास सुबह योग कक्षाओं का संचालन करते हैं। संवाद