एमडीयू के अर्थशास्त्र विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर की शिकायत के मामले को लेकर एससीएसटी आयोग ने कुलपति और एसपी को तलब किया है। आयोग ने दोनों अधिकारियों को पत्र भेजकर 27 जुलाई को बुलाया है। दोनों अधिकारियों को इस मामले में अपना पक्ष रखना होगा।
दरअसल, अर्थशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर जगदीप कुमार ने वर्ष-2015 में शिकायत की थी कि डिपार्टमेंट की एक अधिकारी उन्हें परेशान कर रही हैं। पहले चुनाव ड्यूटी पर भेजा और बाद में उनकी तनख्वाह काट ली गई। आरोप था कि विभागीय कार्यों को लेकर उनका मानसिक उत्पीड़न किया जाता है।
यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। इससे जगदीप कुमार ने पिछले वर्ष एससीएसटी आयोग में शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया और उसी समय यूनिवर्सिटी के तत्कालीन कुलपति सुधीर राजपाल और एसपी को पत्र भेजकर जांच करने के लिए कहा गया। इस पर यूनिवर्सिटी ने एक कमेटी बनाई, जिसने अपनी रिपोर्ट में जगदीप कुमार के आरोपों को सही बताया। पिछले वर्ष अक्तूबर में यह रिपोर्ट यूनिवर्सिटी अधिकारियों को सौंप दी गई। रिपोर्ट आने के बाद भी यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से कोई न्याय नहीं मिल सका। उधर, एसपी को भेजे गए पत्र पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कई माह बीतने के बाद कोई कार्रवाई नहीं होने पर अब एससीएसटी आयोग ने कुलपति और एसपी को पत्र भेजकर बुलाया है। दोनों अधिकारियों को 27 जुलाई को आयोग के पास जाकर अपना पक्ष रखना होगा।
यह बोले असिस्टेंट प्रोफेसर
पिछले काफी समय से मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। शिकायत के बाद भी कोई न्याय नहीं मिल रहा। अब इस मामले पर एससीएसटी आयोग ने अधिकारियों से बुलाया है।
- जगदीप कुमार, असिस्टेंट प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग
वर्जन
मामले की जानकारी हुई है। यह मेरे कार्यकाल से पहले का मामला है, जिसे लेकर आयोग की तरफ से पत्र मिला है।
- प्रो. बिजेंद्र कुमार पूनिया, कुलपति, एमडीयू