गत वर्ष की चैंपियन रही पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के साथ अपना पहला मुकाबला 2-1 से हारने के बाद एमडीयू की पुरुष हॉकी टीम ने ग्वालियर की एलएनआईपीई विश्वविद्यालय में चल रही अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार वापसी की है। एमडीयू की टीम ने मंगलवार को अपने दूसरे मुकाबले में सीआरएम चेन्नई को 2-1 से मात दी। अब 7 नवंबर को नागपुर विश्वविद्यालय के साथ तीसरा मुकाबला होगा। अब एमडीयू की टीम जीत जाती है तो वह क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर लेगी और अगर टीम को हरा का सामना करना पड़ा तो वह चैंपियनशिप से बाहर हो जाएगी। इस मुकाबले में बेहतर गोल कीपिंग के लिए टीम के गोलकीपर मयंक शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले में एमडीयू की ओर से तीसरे क्वार्टर में नवीन ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर बढ़त बनाई तो अंतिम क्वार्टर में अक्षय अंतिल ने फील्ड गोल कर 1-1 से बराबर हो चुके मैच में निर्णायक बढ़त बनाई।
ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजूकेशन (एलएनआईपीई) में तीन नवंबर तक पुरुष वर्ग की अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में मंगलवार को एमडीयू की टीम ने गत वर्ष की डिफेंडिंग चैंपियन रही सीआरएम चेन्नई की टीम को 2-1 से मात दी। एमडीयू के हॉकी कोच किशन सिंह सैनी ने बताया कि इससे पहले एमडीयू की टीम को अपने पहले मुकाबले में गत वर्ष की ऑल इंडिया चैंपियन रही जौनपुर की वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर को होने वाला अगला मुकाबला जीतना एमडीयू के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि टीम का मुकाबला नागपुर विश्वविद्यालय के साथ होगा। टीम के साथ मैनेजर के रूप में डॉ. अजय जून गए हुए हैं।