01...एमडीयू का दूरस्थ व ऑनलाइन शिक्षा भवन। संवाद
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) अब दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के माध्यम से 15,000 से अधिक नामांकित शिक्षार्थियों के साथ उच्च शिक्षा को रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
सीडीओई का उद्देश्य उन वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है जो किसी कारणवश नियमित कॉलेज/विश्वविद्यालय में उपस्थित होकर पढ़ाई नहीं कर पाते, जैसे वंचित समूह, ग्रामीण शिक्षार्थी, गृहिणियां, नौकरीपेशा एवं कार्यरत युवा।
विश्वविद्यालय के अनुसार 01 अप्रैल 2022 से दूरस्थ शिक्षा निदेशालय का नाम बदलकर दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र किया गया। रोजगार परक पाठ्यक्रम और सर्टिफिकेट प्रोग्राम विश्वविद्यालय ने केवल पारंपरिक डिग्री ही नहीं, बल्कि कौशल विकास पर भी ध्यान केंद्रित किया है।
फूड ट्रक ऑपरेशंस और प्रोफेशनल स्किल्स जैसे सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू किए गए हैं। आगामी सत्र से एमबीए और एमसीए जैसे मांग वाले पाठ्यक्रमों को भी इस सूची में जोड़ने की तैयारी है।
यूजीसी दिशा-निर्देशों के तहत सीडीओई में पढ़ने वाले शिक्षार्थियों को मल्टीपल/ड्यूल लर्निंग विकल्पों की सुविधा भी उपलब्ध है। नियमित पाठ्यक्रम बीच में छोड़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी व्यवस्था है कि वे दूरस्थ/ऑनलाइन मोड में शिफ्ट होकर अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रख सकें।
विदेशों में बसे शिक्षार्थियों तक पहुंच बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय ने यह भी संकेत दिया है कि विभिन्न देशों के दूतावासों/उच्चायोगों से समन्वय कर अंतरराष्ट्रीय भागीदारी और सहयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।