सर छोटूराम जयंती के उपलक्ष्य में अमर उजाला मीडिया पार्टनरशिप और कमेरा वर्ग सोशल ट्रस्ट के नेतृत्व में आज सुबह 6:15 बजे नशे के खिलाफ मैराथन होगी। जाट कॉलेज ग्राउंड से शुरू होने वाली मैराथन के लिए 11 किमी. और 21 किमी. की दो-दो दौड़ होंगी। मैराथन को केंद्रीय ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री बीरेंद्र सिंह और विधायक प्रेमलता, रोहतक विधायक हरी झंडी दिखाएंगे।
कमेरा वर्ग सोशल ट्रस्ट के प्रधान सुरेश देशवाल ने कहा कि 11 किमी और 21 किमी मैराथन के 10-10 विजेताओं को 3.51 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। मैराथन में भाग लेने वाले धावकों को सर छोटूराम का चित्र छपी टी-शर्ट दी जाएगी। इस कार्यक्रम में नशा छोड़ने वाले लोगों को 11-11 हजार रुपये की राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर जाट कॉलेज ग्राउंड में सभा स्थल पर रेडक्रास सोसायटी की ओर से रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
आज सुबह 6:15 बजे शुरू होगी मैराथन
आज सुबह 6:15 बजे 21 किमी. की मैराथन शुरू होगी। यह जाट कॉलेज ग्राउंड से शुरू होकर सांपला के दीनबंधु चौधरी छोटूराम संग्रहालय में समाप्त होगी। इसमें प्रथम विजेता को 41 हजार, द्वितीय विजेता को 31 हजार, तृतीय विजेता को 21 हजार रुपये की राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
वहीं, 11-11 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। वहीं 11 किमी की मैराथन भी जाट कॉलेज ग्राउंड से शुरू होकर दिल्ली बाईपास, शीला बाईपास, छोटूराम चौक, कैनाल रेस्ट हाउस, अशोका चौक, मेडिकल मोड़ और पावर हाउस से होते हुए वापस जाट कॉलेज ग्राउंड में पहुंचेगी। इसमें प्रथम विजेता को 31 हजार, द्वितीय विजेता को 21 हजार, तृतीय विजेता को 11 हजार रुपये की राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा 21 किमी. के 200 धावकों और 11 किमी. के 1000 धावकों को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
अमर उजाला विजेताओं और कोच को देगा ट्रैक सूट व सर्टिफिकेट
दोनों मैराथन के 10-10 विजेताओं के साथ सभी कोच को अमर उजाला ट्रैक सूट देकर सम्मानित करेगा। इसी के साथ दोनों दौड़ के सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट भी देगा।