रोहतक। शहरवासियों को चाहे अधिकारी स्मार्ट सिटी के सपने दिखा रहे हैं, लेकिन हकीकत दावों से जुदा है। इसका नजारा सोमवार तड़के उस समय देखने को मिला, जब सहकारिता मंत्री बूथ परिक्रमा के तहत श्रीनगर कॉलोनी पहुंचे। लोगों का दर्द समझने के लिए खास से आम बनकर चबूतरे पर बैठ गए और अधिकारियों को पब्लिक के बीच खड़ा करके पूछा, आखिर सीवरेज व पानी की समस्या का क्यों समाधान नहीं हो पा रहा।
सहकारिता मंत्री एवं स्थानीय विधायक मनीष ग्रोवर दो माह से हर बूथ पर जा रहे हैं। अब तक 110 के करीब बूथ कवर कर चुके हैं। बूथ पर जाते समय वहां के लोगों की समस्याएं सुनते और अधिकारियों को पब्लिक के बीच में बुलाकर खुद लोगों की तरफ से सवाल करते हैं। सोमवार सुबह करीब 6 बजे मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ श्रीनगर कॉलोनी पहुंचे। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में सीवरेज लाइन जाम पड़ी है। गलियों में गंदा पानी खड़ा हो जाता है। साथ ही बदबू से सांस लेना मुश्किल हो रहा है। कई दिनों से पीने का गंदा पानी आ रहा है। दो दिन से वह भी नहीं आया। कई गलियों में कम दबाव का पानी आता है। मंत्री लोगों की परेशान समझकर गली के अंदर फुटपाथ पर ही बैठ गए। साथ ही नगर निगम और पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को तलब किया। निगम से डीटीपी केके वार्ष्णेय तो पब्लिक हेल्थ से कार्यकारी अभियंता जगबीर सिंह व भानु प्रताप और एसडीओ गर्ग पहुंचे। डीटीपी ने बताया कि सीवरेज लाइन में तकनीकी फाल्ट है। इस कारण पानी आगे नहीं जा पाता। कार्यकारी अधिकारी जगबीर सिंह ने कहा कि जल्द एक्सपर्ट से सीवरेज लाइन की जांच कराएंगे। साथ ही गहराई से लाइन की सफाई करवाई जाएगी। वहीं, पब्लिक हेल्थ पेयजल सप्लाई ब्रांच के कार्यकारी अभियंता भानु प्रताप ने बताया कि लाइन लीकेज के चलते गंदा पानी आ रहा है। दो दिन में लीकेज ढूंढ कर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
------
नहीं सुनते अधिकारी, मंत्री बोले, मैं आपके बीच में मांग रहा हूं जवाब
सुनवाई के दौरान लोगों ने बताया कि पब्लिक हेल्थ व निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं करते। हर बार आश्वासन देकर वापस लौटा देते हैं। मंत्री ने बीच में टोकते हुए कहा, मैं आपके बीच में ही जवाब मांग रहा हूं। लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी।
----------
पीजीआई की तरफ गेट पर ताला न लगाया जाए
श्रीनगर कॉलोनी के बाद मंत्री चिन्नोट कॉलोनी पहुंचे। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि चिन्नोट कॉलोनी के साथ में पीजीआईएमएस की दीवार लगती है, जहां जाने के लिए गेट बना है। दिन में तो गेट खुला रहता है, लेकिन रात को ताला लगा दिया जाता है। अगर गेट खुला रहे तो रात के समय आपात स्थिति में जल्दी पीजीआई जाया जा सकता है। मंत्री ने पीजीआई के अधिकारियों को फोन करके गेट खोलने की हिदायत दी। साथ में कहा कि वे सुरक्षा के हिसाब से गार्ड रख सकते हैं।
-------
जवाहर नगर में मंत्री का इंतजार, पांच माह से खुदी पड़ी सड़क
उधर, जवाहर नगर के लोगों को भी अपने एरिया में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के आने का इंतजार है। क्योंकि अधिकारी उनकी एक नहीं सुन रहे हैं। जो गली 15 दिन में बन जानी थी, वह पांच माह बाद भी उखड़ी पड़ी है। अब तो सीवरेज लाइन बिछाने वाली कंपनी ने पेयजल लाइन भी तोड़ दी है, जिससे दो दिन से पानी तक नहीं आ रहा।
.....
15 दिन का काम पांच माह बाद भी अधूरा
जवाहर नगर निवासी सतीश कुमार ने बताया कि पांच माह पहले सीवरेज लाइन बिछाने के लिए गली उखाड़ी थी। गली उखाड़ने के बाद यह कहा गया कि चुनाव आचार संहिता के चलते काम में दिक्कत आ रही है। लोकसभा चुनाव के बाद काम तेजी से काम होगा। अब चुनाव को भी तीन माह बीत गए हैं, लेकिन अभी तक लाइन नहीं बिछी।
........
जख्म और हरे कर गए लाइन बिछाने वाले
जवाहर नगर निवासी सत्यवती ने बताया कि कई माह से सड़क खुदी पड़ी है। बारिश में पानी खड़ा हो जाता है। कोई सुनवाई नहीं हो रही। दो दिन पहले कर्मचारी आए और पेयजल लाइन भी उखाड़कर चले गए। अब पानी भी नहीं आ रहा है। यह तो जख्म को और हरा करने वाली बात है।
....
पार्षद आता है, लेकिन अधिकारी नहीं सुनते
सुनीता देवी ने बताया कि उनके एरिया का पार्षद राधेश्याम ढल तो आता और गली देखकर चला जाता है, लेकिन अधिकारी उनकी भी नहीं सुनते। 200 मीटर सड़क उखाड़कर अधूरी छोड़ रखी है, पता नहीं कब बनेगी।
....
स्कूटी सवार गिर चुके हैं गली में
सीमा गांधी ने बताया कि गली उखड़ने के कारण बारिश में कीचड़ बन जाता है। स्कूटी सवार कई युवक संतुलन बिगड़ने से गिर चुके हैं, लेकिन किसी को उनका दर्द दिखाई नहीं देता।