रोहतक। शहर के किला रोड बाजार में सोमवार अल सुबह कपड़ों की दुकान में आग लग गई। आग दुकान में पेट्रोल फेंक कर लगाई गई। पड़ोस की दुकान की सीसीटीवी फुटेज में आरोपी आग लगाते साफ नजर आ रहा है। दुकान संचालक पूर्व सैनिक की महिला पार्टनर के पति ने आग लगाई। इसकी वजह पति पत्नी के बीच घरेलू कलह बताई जा रही है। दमकल विभाग की दो गाड़ियों व दर्जन भर कर्मचारियों ने करीब पौने घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संचालक ने पुलिस को आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दी है।
शहर के प्रीत विहार निवासी संदीप ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे किसी ने बोर्ड पर लिखा फोन नंबर पढ़कर कॉल करके दुकान में आग लगने की सूचना दी। दुकान आया तो चारों ओर धुआं फैला हुआ था। अंदर आग लगी थी। यहां आते ही पहले बिजली सप्लाई बंद कराई। इसके बाद दमकल विभाग को फोन किया। आग ज्यादा लगी होने के कारण दमकल की टीम ने करीब पौने घंटे मशक्कत कर आग बुझाई। इस घटना में दुकान का सारा सामान जल गया।
आग सोमवार सुबह करीब पौने छह बजे ही लगाई गई है। एकता कॉलोनी में रहने वाले अमित ने पहले शटर के नीचे से दुकान में पेट्रोल फेंका, फिर माचिस की तीली जलाकर अंदर फेंक दी। यह सारी घटना पड़ोस के सीसीटीवी में कैद है। पेट्रोल को छूते ही एक तेज धमाके के साथ आग पूरी दुकान में फैल गई। आरोपी दुकान की पार्टनर दीपा का पति है। इनके बीच काफी समय से अनबन चल रही है। अमित निजी कैब चालक है। शराब पीने का आदी है। इसी बात को लेकर उनमें अक्सर झगड़ा रहता है। इस बारे में कुछ दिन पहले ही मुझे पता लगा। दुकान का काम प्रभावित न हो इसके चलते उनसे इस बारे में बात भी की थी। उस समय महिला ने समाधान हो जाने की बात कही थी।
खरीदारी करते समय 4 महीने पहले हुई थी मुलाकात
संदीप ने बताया कि एकता कॉलोनी निवासी दीपा बाजार में एक दुकान पर सेल्स का काम देखती थी। वहां करीब चार महीने पहले मैं अपनी पत्नी व परिवार के साथ कपड़े खरीदने गया था। उसी समय उससे मुलाकात हुई। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद मैं कोई बिजनेस शुरू करने के बारे में सोच रहा था। दीपा से बात हुई तो उसने कहा कि दुकानदारी का उसे अनुभव है। इसके चलते मैने उससे पार्टनरशिप में दुकान करने का प्रस्ताव रखा। मेहनत उसकी होगी, रुपये मैं लगाऊंगा। इस बात पर सहमति बनी। इसके चलते कुछ रुपये अपने पास से तो कुछ रिश्तेदारों से लेकर दुकान में माल रखवाया। किला रोड बाजार में ही एक दुकान 17 हजार रुपये मासिक किराए पर ली। दो महिला कर्मचारी भी सेल्स के लिए रखी। शुरू में दो महीने काम कम रहा। तीसरे महीने काम तेज हुआ। अब सारा जमा जमाया काम बर्बाद हो गया। फिर से नए सिरे से प्रयास करना होगा।