रोहतक/सांपला। नगर पालिका सांपला के सफाई कर्मचारी मनोज की मौत गले की श्वास नली कटने से हुई थी। अब हत्यारे तक पहुंचने के लिए मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है। अभी तक हत्या किसने व क्यों की, यह पता नहीं लग सका है। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सांपला के वार्ड- 11 निवासी सविता ने बताया कि वह पिछले छह दिन से बीमार हैं। उपचार के लिए सांपला के ही निजी अस्पताल में दाखिल थीं। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे छुट्टी लेकर घर आई तो कमरे में पति मनोज बेड पर मृत मिले थे। किसी ने उनकी गर्दन काटी हुई थी। कमरे में काफी खून पड़ा मिला।
उन्होंने तुरंत ससुर ईश्वर व देवर रवि को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया। अज्ञात के खिलाफ सांपला थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
सांपला थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रहे हैं। पोस्टमार्टम में पता चला है कि गले की श्वास नली को काटा गया था। घाव कितने इंच गहरा था, यह पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट आने के बाद पता लग सकेगा।