रोहतक। अमर उजाला की ओर से श्री मुरारीलाल माहेश्वरी राष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता विचार प्रवाह के तहत शनिवार को मंडल स्तरीय वाद विवाद स्पर्धा आयोजित की गई। वैश्य डिग्री कॉलेज के सहयोग से हुई इस स्पर्धा में पांच जिलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वैश्य संस्था के ऑडिटोरियम में प्रतिभागियों ने देश हित में एक देश एक चुनाव पर चिंतन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्पर्धा में महाराजा नीमपाल राजकीय महाविद्यालय भिवानी का संयम प्रथम रहा। इसी कॉलेज की छात्रा सोनिया द्वितीय व सोनीपत के हिंदू कॉलेज का छात्र प्रणव हुड्डा तृतीय रहा। एएसपी डॉ. अंशु सिंगला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं।
शहर के वैश्य संस्था परिसर स्थित वैश्य डिग्री कॉलेज में शनिवार को हुई मंडल स्तरीय वाद विवाद स्पर्धा में रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, भिवानी व सोनीपत जिले के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। देश हित में एक देश एक चुनाव विषय पर प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार रखते हुए देश में एक साथ चुनाव कराने में आने वाली समस्याओं को उठाया। स्पर्धा में सीसीएस जैन कॉलेज सोनीपत की प्रेरणा व एलएन हिंदू कॉलेज की सविता को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। एमडीयू खेल विभाग के निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल, एमडीयू बायोइनफोर्मेटिक्स विभाग की निदेशक एवं चीफ वार्डन प्रो. राजेश धनखड़ और एमकेजेके कॉलेज की पूर्व प्राचार्य डॉ. कृष्णा चौधरी ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। विजयी प्रतिभागियों को एएसपी डॉ. अंशु सिंगला ने चेक और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अमर उजाला की ओर से निर्णायक मंडल को पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एक-एक पौधा देकर सम्मानित किया गया।
इन प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
स्पर्धा में मंडल के पांच जिलों के 10 कॉलेजों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यहां सोनीपत के सीसीएस जैन कॉलेज से प्रेरणा, हिंदू कॉलेज से प्रणव, एलएन हिंदू कॉलेज रोहतक की छात्रा सविता, वैश्य डिग्री कॉलेज रोहतक से प्रवेश, भिवानी के महाराजा नीमपाल राजकीय महाविद्यालय से संयम, आदर्श महिला महाविद्यालय भिवानी से सोनिया, राजीव गांधी महिला महाविद्यालय भिवानी से ईशा वालिया, झज्जर के वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्यालय से दीपिका, वैश्य आर्य शिक्षण महिला महाविद्याल झज्जर से प्रीति दलाल, चरखी दादरी के जनता कॉलेज से कृष्ण, मोहित व फलाक्षी ने मंच पर अपनी बात रखी।