रोहतक। बाबा मस्तनाथ मठ अस्थल बोहर में माही (माई) चौदस का दो दिवसीय भव्य मेला 10 व 11 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। यह मेला हर साल माघ माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी को आयोजित किया जाता है। इसमें हजारों श्रद्धालु हिस्सा लेते हैं। यहां सिद्ध शिरोमणि बाबा चौरंगीनाथ महाराज एवं सिद्ध योगिनी पाई देवी की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मेले की तैयारी को लेकर जोरशोर से काम जारी है।
यह मेला बाबा मस्तनाथ की पुण्य स्मृति के मेले से पहले लगता है। बाबा मस्तनाथ की स्मृति में हर साल फाल्गुन महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी, अष्टमी और नवमी को तीन दिनों का बड़ा मेला लगता है। इस वर्ष 6, 7, 8 मार्च को बाबा मस्तनाथ की स्मृति में मेला आयोजित किया जाएगा। अस्थल बोहर मठ नाथ संप्रदाय का प्रमुख तीर्थ स्थल है। इसकी ख्याति दूर-दूर तक फैली है। आसपास के गांवों के साथ विभिन्न राज्यों से भी श्रद्धालु यहां आते हैं।
मान्यता है कि मठ के समाधि स्थल पर श्रद्धा पूर्वक माथा टेकने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। माई चौदस के इस मेले का विशेष महत्व है। इसमें श्रद्धालु सेवा भाव से भाग लेते हैं।
नाथ संप्रदाय का महत्वपूर्ण केंद्र माना अस्थल बोहर मठ
अस्थल बोहर मठ का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना है। इसे नाथ संप्रदाय का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि इस स्थान पर सिद्ध बाबा चौरंगीनाथ ने कठोर तपस्या की थी। बाद में बाबा मस्तनाथ ने इस पावन स्थल का जीर्णोद्धार किया। इसे भव्य मठ का स्वरूप प्रदान किया। बाबा मस्तनाथ अपनी सिद्धियों और गहन तपस्या के कारण गोरखनाथ के अवतार माने गए। यह मठ नाथ संप्रदाय के अनुयायियों के लिए प्रमुख गद्दी है। यहां योग, ध्यान और साधना की परंपराएं जीवंत है।