संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिरों में तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। मंदिरों में कीर्तन के लिए रिहर्सल भी शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि इस वर्ष सर्वार्थ सिद्धि योग में पूजा होगी। काठमंडी स्थित शिव-हनुमान मंदिर के पुजारी पंडित सीयाराम ने बताया कि इस बार महाशिवरात्रि में श्रवण नक्षत्र के साथ ही सर्वार्थ सिद्धि का संयोग बन रहा है।
इस दिन भोलेनाथ की विधि विधान से पूजा की जाती है। हर साल महाशिवरात्रि फागुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह हुआ था।
इन मंदिरों में होंगे कार्यक्रम : वेदांत आश्रम परनाला में सुबह के समय हवन-यज्ञ होगा। इसके बाद भंडारा भी आयोजित किया जाएगा। वहीं महाबीर मंदिर मेन बाजार, गायत्री शक्ति पीठ कसार, कसारेश्वर महादेव मंदिर, तीन शक्ति मंदिर जटवाड़ा मोहल्ला, सब्जी मंडी स्थित देवी मंदिर में कार्यक्रम होगा।
अनाज मंडी स्थित हनुमान मंदिर, काठ मंडी स्थित शिव-हनुमान मंदिर, मुरली मनोहर मंदिर मेन बाजार, सेक्टर-6 स्थित राज-राजेश्वरी शक्ति पीठ मंदिर, सेक्टर-2 में स्थित मंदिर, सैनीपुरा में स्थित शिव मंदिर, नजफगढ़ रोड पर स्थित श्रीबालाजी मंदिर, गली नंबर 3 आर्य नगर, नई बस्ती रघुनाथ मंदिर, लाइनपार जोहरी नगर स्थित मंदिर में दिन भर कार्यक्रम होंगे। महिला मंडलियों द्वारा कीर्तन किए जाएंगे। वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के टिकरी कलां केंद्र पर 90वां शिव जयंती महोत्सव मनाया गया। समारोह में मुंडका व टिकरी क्षेत्र के पार्षद अनिल लाकड़ा मुख्य अतिथि रहे।