रोहतक। एमएसपी व अन्य मांगों को लेकर किसानों का टिटौली में धरना जारी है। धरना स्थल पर मंगलवार को किसानों अपने हक के लिए लड़ाई लड़ने व इसे रफ्तार देने पर जोर दिया। जिंदरान के किसान धरने पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। इधर, बुधवार को कुंडू भवन टिटौली में होने वाली खाप महापंचायत को लेकर किसान तैयारी में जुटे रहे। यहां बड़ा फैसला लिए जाने की उम्मीद है।
मंगलवार को टिटौली धरना स्थल पर किसान खासे व्यस्त रहे। किसी ने धरने का संचालन किया तो किसी ने धरने की व्यवस्था संभाली। जबकि एक वर्ग बुधवार की खाप महापंचायत की तैयारी में जुटे रहे। महापंचायत कुंडू भवन में सुबह 10 बजे शुरू होगी। यहां विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। इसके लिए मंगलवार को भी निमंत्रण भेजे गए। शाम को सोशल मीडिया के जरिए भी महापंचायत का संदेश दिया गया। किसान बुधवार को महापंचायत में अपने आंदोलन की रणनीति के साथ अन्य अहम फैसले ले सकते हैं।
गन्ने के खेत में लगी आग ने डराया
टिटौली में धरना स्थल से कुछ दूर सड़क के दूसरी ओर मंगलवार दोपहर को गन्ने के खेत में आग लग गई। आग बिजली की हाईटेंशन तारों से लगने का अंदेशा जताया गया है। धरने पर बैठे किसानों ने खेत में फसल जलते देखी तो आग बुझाने दौड़ पड़े। किसानों ने आसपास से पानी का इंतजार कर आग बुझाने का प्रयास किया। बड़ी मुश्किल से करीब आधे 45 मिनट पर आग पर काबू पाया।