जाट समाज के महम चौबीसी के चबूतरे और हिसार के मय्यड़ में मंगलवार को होने वाले सम्मान समारोह ने जिला ही नहीं प्रदेश भर की पुलिस चौकस कर दी गई है। मामले में पुलिस किसी भी प्रकार की ढील बरतने के मूड में नहीं है। सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर जिले भर में नाकेबंदी करके हर जगह पुलिस पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मामले की गंभीरता को इसी से समझा जा सकता है कि सुरक्षा के मद्देनजर डीजीपी केपी सिंह सोमवार को रोहतक पहुंच गये। उन्होंने एसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। नाकों पर तैनात पुलिस कर्मियों को दंगा निरोधक उपकरण उपलब्ध करा दिया गया है।
डीजीपी केपी सिंह सुबह सुनारिया स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे। उन्होंने जिले भर के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा निर्देश दिये। अधिकारियों से उनके सामने आने वाली समस्याओं के बारे में चर्चा की। करीब एक घंटे तक चली बैठक में पुलिस अधिकारियों ने डीजीपी को जिले की कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किये गये इंतजाम के बारे में अवगत कराया। डीजीपी ने रोहतक और महम क्षेत्र में ज्यादा सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिये।
उधर, एसपी राकेश आर्य ने जिलेभर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस लाइन में संबोधित किया। एसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी एक दूसरे के संपर्क में रहें। एसपी के निर्देश के बाद शहर और महम में प्रमुख संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित कर नाकाबंदी कर दी गई।
सरकारी कार्यालय और आवासों की सुरक्षा बढ़ाई
पुलिस ने शहर और महम में सरकारी कार्यालयों एवं आवासों की सुरक्षा बढ़ा दी है, ताकि कोई अनहोनी होने पर स्थिति को संभाला जा सके। शहर और महम में प्रवेश होने वाले प्रत्येक वाहनों की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। एसपी ने कहा कि कानून की अवहेलना करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। संदिग्धों पर नजर रखने के निर्देश दिये गये हैं। एसपी ने लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील की है।
लापरवाही बरती तो गिरेगी गाज
यदि सम्मान समारोह के दौरान किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो उस पर गाज गिरना तय है। इस संबंध में उच्च पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। एसपी राकेश आर्य ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिये हैं कि किसी भी हालात में लापरवाही सामने नहीं आनी चाहिए। इतना ही नहीं पीजीआई और दमकल विभाग को अलर्ट किया गया है।
कानून व्यवस्था को लेकर जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गये हैं, ताकि कोई भी अनहोनी न हो। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं।
- राकेश आर्य, एसपी रोहतक