संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (मडूटा) ने बुधवार को पंचकूला में हरियाणा उच्च शिक्षा के महानिदेशक एस. नारायणन से मिलकर शिक्षकों की लंबित मांगों को उठाया। उनसे शीघ्र समाधान करने की मांग की। मडूटा सचिव महेश कुमार ने महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में वेतन निर्धारण, वार्षिक वेतन वृद्धि पर लगी रोक और पीएचडी वेतन वृद्धि की वसूली जैसे मुद्दे रखे। शिक्षक संघ ने बताया कि कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम के तहत पदोन्नति मिलने के बावजूद शिक्षकों का वेतन निर्धारण वर्षों से लंबित है। विवि वार्षिक वेतन वृद्धि पर भी रोक लगा रखी है।
पीएचडी वेतन वृद्धि वसूली का मुद्दा
शिक्षक संघ ने यह मुद्दा भी उठाया कि 8 से 10 वर्ष पहले दी गई पीएचडी वेतन वृद्धि की अब वसूली की जा रही है। हरियाणा सरकार, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट के विभिन्न निर्णयों के अनुसार पांच वर्ष से अधिक पुराने वित्तीय लाभों की वसूली नहीं की जा सकती। महानिदेशक ने सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मडूटा अध्यक्ष ने कहा कि इन मांगों को लेकर जल्द ही एमडीयू के कुलपति मिलाप पूनियां से भी मिलेंगे।