संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। बारा हजारी मोहल्ले में वृंदावन चौक पर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर से 27 जून को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ के साथ बलभद्र और सुभद्रा भी रहेंगी। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
यात्रा सुबह 10 बजे शुरू हाेकर शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए नई अनाज मंडी के शिव मंदिर में पहुंचेगी। यहां नई अनाज मंडी के व्यापारी भगवान का पूजन-आरती करेंगे। शिव मंदिर में भगवान जगन्नाथ की शोभा यात्रा कुछ घंटे विश्राम करेगी। दोपहर बाद 3 बजे फिर यात्रा बड़ा तालाब प्राचीन श्रीहनुमान मंदिर से होकर विभिन्न बाजारों से होते हुए वापिस मंदिर में पहुंचेंगी।
मंदिर के व्यवस्थापक स्वामी टेकचंद गौड़ के अनुसार रथ यात्रा की तैयारी चल रही है। 7 जुलाई 1878 में यात्रा के संचालन के लिए लाइसेंस बना था। तब से यह यात्रा हर वर्ष निकाली जा रही है। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के रथ खीचेंगे।
रथ यात्रा संचालक रमेश वशिष्ठ ने बताया कि रथयात्रा समारोह की झांकी 27 जून को सुबह 10 बजे वृंदावन चौक स्थित भगवान श्रीजगन्नाथ मंदिर से निकलेगी। अनाज मंडी के व्यापारी भगवान की आरती करेंगे। शाम 3 बजे यात्रा बड़ा तालाब हनुमान मंदिर, बस स्टैंड, माता चौक, मंदिर परिसर में पहुंचेगी। मुख्य अतिथि रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव उपस्थित रहेंगे। मुख्य सारथी मुकेश अग्रवाल रहेंगे।