रोहतक। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी की गुणवत्ता व एंगल तलाशने की बात कर रही है। जबकि बाइक सवार स्नेचर बेखौफ घूम रहे हैं। शहर में बीती रात हुई स्नेचिंग की तीन वारदात यही दर्शा रही हैं। बाइक सवार स्नेचर तीन लोगों के हाथ से मोबाइल छीन कर भाग गए। इन तीनों वारदातों को 35 मिनट में अंजाम दिया गया। इस बीच वे शहर में एक जगह से दूसरी जगह घूमते रहे। पुलिस ने वारदात का शिकार बने लोगों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। स्नेचरों को सुराग नहीं लगा है।
केस 1
महावीर कॉलोनी निवासी रघुवीर का कहना है कि रात करीब साढ़े नौ बजे पीडब्ल्यूडी के साथ बने नए पार्क के पास से जा रहा था। सड़क पर चलते हुए मोबाइल पर बात कर रहा था। सुखपुरा चौकी की ओर जाते समय पीछे से एक बाइक पर आए तीन युवक मेरा फोन छीन कर भाग गए। बाइक सवारों में से एक ने झपट्टा मार कर फोन छीन लिया। बदमाशों को भागते देख मदद के लिए आवाज भी लगाई, मगर जब तक मदद मिलती आरोपी आंखों से ओझल हो गए।
केस 2
शौरा कोठी निवासी सन्नी पावर हाउस से मेडिकल मोड़ की तरफ आ रहा था। रास्ते में राजीव गांधी विद्युत भवन के पास उसका मोबाइल छीन लिया गया। दिल्ली बाईपास की ओर से आई बाइक पर तीन युवक सवार थे। बीच में बैठे युवक ने झपटा मारकर मोबाइल छीन लिया।
केस 3
चिन्योट कॉलोनी निवासी साहिल का कहना है कि वह रात नौ बजकर बीस मिनट पर बाबा बालकपुरी डेरे के पास किरयाने की दुकान से सामान लेने आया था। यहां अपने घर बात करने के लिए फोन जेब से निकाला ही था कि पीछे से तीन युवक आए और मोबाइल छीन कर भाग गए। तीनों एक ही बाइक पर थे। पैदल ही इनका काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
स्नेचरों को नहीं देख पाई शहर की तीसरी आंख
अपराध व अपराधियों पर नजर रखने के लिए कहने को शहर में एक दो नहीं 17 हजार से अधिक तीसरी आंख है। इसके बावजूद शनिवार रात मोबाइल छीन कर फरार हुए स्नेचर कहीं नजर नहीं आए। स्नेचिंग की वारदात के बाद संबंधित इलाके के लोगों से बात की गई तो उन्होंने स्नेचरों की फोटो या सीसीटीवी नहीं होने की बात कही। पुलिस भी सीसीटीवी तलाशने की बात कह रही है।
-----