रविवार को आंबेडकर नगर से अपहृत युवक की लोकेशन हिसार मिली है। सिटी पुलिस अब हिसार पुलिस की मदद से किशोर व उसके तीन साथियों को तलाश करने के लिए रात को रवाना हो गई। परिजनों को अब युवक के मिलने की उम्मीद बढ़ गई है, लेकिन मोबाइल बंद होने के कारण कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सोमवार को बारिश के बीच दिनभर परिजन जेएलएन के किनारे-किनारे बेरी से आगे हेड तक शशांक की तलाश करते रहे, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका।
रविवार को देर रात नगर निगम की अकाउंट ब्रांच में कार्यरत राकेश ने सिटी थाने में दी शिकायत में बताया था कि उसके 18 वर्षीय बेटे शशांक ने 12वीं की परीक्षा दे रखी है। रविवार सुबह कुछ युवक उसे क्रिकेट खेलने के लिए बुलाकर ले गए। दोपहर तीन बजे सिंचाई विभाग से फोन आया कि आपकी स्कूटी बालंद गांव के पास छोटी नहर में पड़ी है। इससे उसे अनहोनी की आशंका महसूस हुई। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सुमित नाम के युवक सहित अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था।
दिन में नहर में तलाशा तो शाम को हिसार की लोकेशन मिली
पुलिस व परिजन सोमवार को बारिश के बावजूद बालंद गांव से लेकर बेरी से आगे हेड तक जेएलएन के किनारे-किनारे युवक की तलाश करते रहे। दोपहर बाद 5 बजे तक कहीं सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों से परिजन मिले। शशांक व अन्य युवकों के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई। सूत्रों का कहना है कि हिसार में लोकेशन मिली है, जहां सिटी पुलिस रवाना हो गई। उम्मीद है जल्द लापता युवक का सुराग लग जाएगा।
पुलिस को दी फुटेज, एक स्कूटी पर चार रवाना
शशांक के पिता राकेश ने बताया कि सोमवार शाम को उन्होंने घर के नजदीक एक सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जांच में पता चला है कि रविवार सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर एक युवक आया। जबकि तीन गली में खड़े हो गए। युवक ने छोटे भाई को बोलकर शशांक को नींद से उठवाया। इसके बाद शशांक ने स्कूटी निकाली। 10 बजकर 15 मिनट पर स्कूटी पर चारों युवक जाते दिखाई दे रहे हैं। स्कूटी शशांक ही चला रहा है।
पुलिस लापता युवक शशांक को तलाश करने का पूरा प्रयास कर रही है। इसके लिए युवक व दूसरे तीन युवकों के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई गई है। उम्मीद है जल्द युवक मिल जाएगा। उसके मिलने के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठ सकेगा।
इंस्पेक्टर राकेश सैनी, सिटी थाना प्रभारी