-फोटो 55 : लोगों को पोस्टर चिपकाकर जागरूक करती छात्राएं।
बहादुरगढ़। विश्व मलेरिया दिवस पर वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय के यूथ रेडक्रॉस व आउटरीच सैल की स्वयंसेविकाओं ने लाईनपार क्षेत्रवासियों को पोस्टर बनाकर स्वच्छता व स्वस्थ जीवन के लाभों के बारे में जागरूक किया।
प्राचार्य डा. राजवंती शर्मा ने कहा कि नियमित साफ-सफाई की आदतें हमारे स्वास्थ्य को बेहतर बनाती हैं और अनेकों बीमारियों से बचाती हैं। अत: संतुलित आहार, अपने शरीर की व आस-पास के क्षेत्र की साफ-सफाई तथा स्वच्छता की आदतें व नशामुक्त जीवन का आचरण ही खुशहाल जीवन की कुंजी है। स्वास्थ्य विभाग ने वर्ष 2030 तक मलेरिया को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। अत: महाविद्यालय की रेडक्रॉस व आऊटरीच सैल की स्वयंसेविकाओं ने शहरवासियों को सड़कों के किनारे, खाली प्लॉट, नालियों में, सीवर के गड्ढों में पानी खड़ा न रहने देने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम प्रभारी डा. नेहा नैन ने स्वयंसेविकाओं के साथ आमजन को बुखार, उल्टी, जी-मचलना, ठंड लगना, सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द एवं थकान जैसे लक्ष्णों के प्रति सचेत रहने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि छात्राओं ने आमजन से अपील की कि ये लक्षण होने पर तुरंत जांच करवानी चाहिए तथा दवाएं चिकित्सक के परामर्श पर ही लेनी चाहिए।