संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। जिले में बुधवार को दिनभर तेज धूप रहने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, हाल ही में हुई बारिश के बाद मौसम में आए बदलाव और ठंडी हवाओं के कारण बीच-बीच में राहत भी मिलती रही।
मौसम विभाग के अनुसार जिले का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य स्तर के लगभग बराबर है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया।
विज्ञापन
मौसम विभाग ने 22 जून तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन इसके बाद मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
विभाग के अनुसार 18 से 22 जून के बीच 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। बुधवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 43 दर्ज किया गया जो उत्तम श्रेणी में शामिल है।