भिवानी से चलकर कानपुर जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस में शुक्रवार को अज्ञात युवक ने खरक गांव के युवक को पीठ में चाकू मार दिया। उसे रोहतक रेलवे स्टेशन पर उतारकर पीजीआई में दाखिल कराया गया। आरपीएफ मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कालिंदी एक्सप्रेस 14118 शुक्रवार शाम 7:35 बजे भिवानी से रवाना हुई। भिवानी जिले के खरक गांव निवासी सुमित पहले रेलवे स्टेशन खरक से अस्थल बोहर आने के लिए आगे की तरफ सामान्य बोगी में सवार हुए। आरपीएफ के मुताबिक, बोगी में उनका दूसरे यात्रियों से झगड़ा हो गया। मामला बढ़ने पर किसी ने उनकी पीठ में चाकू मार दिया। यात्रियों ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी। पुलिस ने आरपीएफ को अवगत कराया। रात 8:57 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची गाड़ी से घायल युवक को उतारा गया। आरपीएफ उसे लेकर पीजीआई पहुंची और उपचार के लिए दाखिल कराया।
घायल युवक को पीजीआई में दाखिल कराया गया है। उसका कालिंदी एक्सप्रेस में किस बात को लेकर झगड़ा हुआ, यह बयान दर्ज होने के बाद पता लग सकेगा।
- इंस्पेक्टर रूपचंद मीणा, प्रभारी थाना आरपीएफ।