रोहतक। भाजपा की पदयात्रा के चलते पुलिस प्रशासन की ओर से किए गए सख्त इंतजाम आम लोगों पर भारी पड़े। सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक तीन किलोमीटर सिविल रोड सील रहा। पीजीआई जा रहे मरीजों के परिजनों से कागज मांगे गए।
प्रशासन ने अशोका चौक से सेक्टर-14 होते हुए एमडीयू के गेट नंबर-दो तक बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया था। वीवीआईपी कार्यक्रम के चलते विद्यार्थियों को कॉलेज पहुंचने में दिक्कत हुई, तो कोई अपने ही घर जाने के लिए पुलिसकर्मियों से मिन्नतें करता नजर आया।
नेकीराम कॉलेज के छात्र समर्थ ने बताया कि भाजपा का झंडा और पटका पहने लोगों को वाहनों समेत जाने दिया जा रहा है, जबकि 100 मीटर दूर नेकीराम कॉलेज में बाइक लेकर जाने नहीं दिया जा रहा। अगर बाइक को कहीं बाहर पार्क करते हैं, तो चोरी होने का खतरा है। पावर हाउस चौक के पास तिकोना पार्क में पार्किंग को लेकर विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस भी हुई। वहीं, देव कॉलोनी निवासी प्रवीण चहल ने बताया कि पुलिस उन्हें कार लेकर घर नहीं जाने दे रही। पुलिस को कई बार बताने के बाद भी उन्हें लंबा रास्ता बताकर वापस भेजा जा रहा है।
वर्जन
दुकान सीआर कॉलेज के पास है। पुलिस ने दोनों तरफ से रास्ते को पूरी तरह बंद कर रखा है। दोनों ही तरफ से नहीं जाने दिया जा रहा। दिल्ली बाइपास की तरफ से आओ तो सेक्टर-14 के पास पुलिस ने रास्ता रोक रखा है। इधर तिकोना पार्क के पास भी पुलिस ने रास्ता रोका है।
रणवीर, दुकानदार
डॉक्टर के पास जाने के लिए पुलिस ने कागजों को चेक किया। इसके बाद पुलिस ने तिकोना पार्क से जाने दिया। अगर कोई पीजीआई या किसी डॉक्टर के पास जाना चाहता है, तो पहले कार्ड दिखाना पड़ रहा है। फिर जाने दिया जा रहा है।
वीरमति, मरीज
यूथ फेस्ट के लिए बच्चों को अभ्यास करवाने जाना है। बच्चे कॉलेज में एक घंटे से इंतजार कर रहे हैं। डी-पार्क से नेकीराम का रास्ता केवल 200 से 300 मीटर है, लेकिन यहां पहुंचने में एक से डेढ़ घंटा लग गया।
हिमांशु, कोच
पुलिस को बताया कि पीजीआई में भर्ती मरीज की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के कागज दिखा दो। दिखाने के बाद पुलिस ने रास्ता दे दिया। अगर किसी को पीजीआई जाना है और डॉक्टरी दस्तावेज हैं, तो पुलिसकर्मी उन्हें नहीं रोक रहे।
राजकरण, तीमारदार