रोहतक। पंजाब के बठिंडा से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस की तत्काल टिकटों के लिए लोग तरस रहे हैं। रोजाना 7:33 बजे रोहतक आने वाली इस रेलगाड़ी की तत्काल टिकटें रविवार को केवल सात मिनट में ही खत्म हो गईं। सुबह 11 बजे स्लीपर के लिए तत्काल टिकटों की शुरुआत होते ही गोरखपुर के लिए करीब 40 टिकटें उपलब्ध थीं, लेकिन 11:07 बजे तक सभी टिकटें बिक चुकी थीं।
विज्ञापन
लखनऊ के लिए 52 सीटें उपलब्ध थीं, लेकिन वे भी बहुत जल्दी बिक गईं। त्योहारों के इन दिनों में कई दिनों से लोगों को इस गाड़ी की टिकट के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ रही है। बठिंडा, हिसार, भिवानी और रोहतक आदि शहरों से प्रवासी मजदूर इन दिनों दीपावली के लिए अपने घरों की ओर जाने के लिए इसी गाड़ी में टिकट ले रहे हैं, जिसके कारण इसमें भीड़ बढ़ गई है और टिकट लेना मुश्किल हो गया है।