प्रदेश में बर्ड फ्लू के खतरे के चलते जींद में पशुपालन विभाग चौकस हो गया है। वहीं नरवाना उपमंडल के कलौदा गांव में दस कौवों की संदिग्ध हालात में मौत ने पशुपालन विभाग को सकते में डाल दिया है। हालांकि पशुपालन विभाग फिलहाल कीटनाशक या ठंड लगने से कौवों की मौत बता रहा है। लेकिन जांच के लिए सैंपल जालंधर स्थित लैब भेज दिए हैं। दूसरी ओर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पशुपालन विभाग ने 48 तीव्र कार्रवाई दल गठित कर दिए हैं। इसके लिए 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन भी शुरू की गई है। हालांकि पशुपालन विभाग आश्वसत है कि अभी तक जींद जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं है।
दरअसल वीरवार को कलौदा गांव के खेतों में दस कौवे मरे हुए मिले थे। इस पर पशुपालन विभाग ने मौके पर पहुंचकर सभी के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए। इसके बाद कौवों के शवों को चूना डालकर सुरक्षित तरीके से दफना दिया। पशुपालन विभाग के उप पशुपालन निदेशक डॉ. रविंद्र हुड्डा के अनुसार फिलहाल जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं आया है। किसान किसी भी स्थित में 01681-245229 नंबर पर सूचना दे सकते हैं।