रोहतक। शहर के किला रोड बाजार की वीरवार को नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर सड़क उखाड़ दी ताकि उसे नए सिरे से बनाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि नई सड़क तीन सप्ताह में बनकर तैयार हो जाएगी।
साथ ही नए खंभों पर केबल खींचने का काम भी पूरा हो गया है। शुक्रवार से कनेक्शन व मीटर शिफ्ट करने का काम शुरू हो जाएगा। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नगर निगम की तरफ से किला रोड बाजार के सुंदरीकरण के लिए 1.40 करोड़ का टेंडर जारी किया गया था।
इसके तहत दोनों तरफ नए सिरे से नाले, बिजली लाइन साइड में शिफ्ट करने व नए सिरे से सड़क बनानी शामिल है। नाले बनाने के बाद दोनों किनारों पर 37 नए बिजली के खंभे लगाए गए हैं। इसके लिए दुकानों के बाहर बने छज्जे बुलडोजर चलाकर तोड़े गए थे।
वीरवार को बिजली निगम की टीम ने नए खंभों पर टी सेप की एंगल लगाकर केबल खींचने का कार्य पूरा कर लिया। इसके साथ ही ठेकेदार ने भगत सिंह पार्किंग की तरफ से बर्तनों की दुकान से लेकर मंदिर वाली गली के मोड़ तक बुलडोजर से सड़क उखाड़ दी ताकि नई बनाई जा सके।
वार्ड सात के नगर निगम पार्षद कपिल नागपाल का कहना है कि अधिकारियों से आग्रह किया है कि जल्द सड़क बनाई जाए ताकि व्यापारियों को परेशान न हो।
केबल खींचने का कार्य पूरा हो गया है। अब सड़क बनाने का काम शुरू किया गया है। इसके लिए पार्किंग की तरफ से सड़क उखाड़ी गई है। बाजार के बीचोंबीच लगे खंभे भी जल्द उखाड़े जाएंगे। इसके साथ तीन सप्ताह में बाजार पूरी तरह से बदला नजर आएगा। -डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त, नगर निगम।