माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। खिड़वाली गांव में शनिवार की शाम जमानत पर एक माह पहले आए नवीन उर्फ कमांडो को उसी के गांव के युवक दीपक उर्फ कमांडो ने गोली मारी थी। कमांडो के खिलाफ पहले से पांच मामले दर्ज हैं। घायल नवीन उर्फ भंडर का भी पुराना रिकाॅर्ड रहा है। आरोपियों को पकड़ने के सदर व सीआईए की दो टीम बनाई गई हैं।
पुलिस के मुताबिक खिड़वाली गांव निवासी नीरज ने दी शिकायत में बताया कि वे दो भाई हैं। वह बड़ा है जबकि नवीन (30) छोटा है जो खेतीबाड़ी का काम करता है।
शनिवार शाम पांच बजे नवीन घर आया और उसे बताया कि गांव का युवक दीपक कमांडो व विकास उर्फ ढिल्ला के साथ उसकी कहासुनी हुई है। दोनों धमकी दे रहे थे कि तुझे जान से मार देंगे।
इसके बाद नवीन घर से थोड़ी दूर बाबा ज्ञानदास मंदिर की तरफ बुलेट बाइक पर गया था। पीछे से सफेद रंग की कार में दीपक कमांडो व विकास उर्फ ढिल्ला अपने साथी रितिक व अरुण के साथ आए। आरोपियों ने हाथों में हथियार ले रखे थे।
आरोपी उसके भाई के पीछे लग गए। उसका भाई बाइक छोड़कर भागने लगा तो दीपक कमांडो ने नवीन पर गोली चला दी। वह आरोपियों की तरफ भागा तो आरोपी कार में सवार होकर भाग गए।
उसने नवीन को संभाला तो उसके सिर, छाती व हाथ पर गोलियों के छर्रे लगे थे। वह अपने ताऊ के लड़के विकास के साथ नवीन को लेकर पीजीआई के ट्राॅमा सेंटर पहुंचा। पुलिस ने नीरज के बयान पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने व धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
वर्जन
आरोपी दीपक उर्फ कमांडो व उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।आरोपी वारदात के बाद से भागे हुए हैं। सीआईए की टीम के साथ मिलकर दबिश दे रहे हैं।
-इंस्पेक्टर सुरेंद्र, प्रभारी थाना सदर