गलत सर्वे होने के विरोध में लघु सचिवालय पर विरोध प्रदर्शन करती गांव खरेंटी की महिलाएं। संवाद
रोहतक। लाखनमाजरा खंड के गांव खरैंटी के ग्रामीण शुक्रवार को डीसी से मिलने रोहतक पहुंचे और बीपीएल परिवारों को मिलने वाले 100-100 गज के प्लाॅटों का सर्वे दोबारा कराने की मांग की। आरोप लगाया कि पंचायत विभाग के अधिकारियों को अनुभव नहीं है इसलिए सही ढंग से सर्वे नहीं हुआ। डीसी ने डीडीपीओ से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगकर उचित कदम उठाने का भरोसा दिया।
पूर्व सरपंच जगबीर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की तरफ से गांवों में बीपीएल परिवारों को 100-100 गज के प्लाॅट दिए जाएंगे। इसके लिए पंचायत की तरफ से जमीन उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में जिन अधिकारियों की देखरेख में सर्वे हुआ है, उनको पूरा अनुभव नहीं है।
गांव के अंदर सैकड़ों परिवार ऐसे हैं, जिनको प्लाॅट नहीं मिल पाएंगे जबकि गांव में पंचायती जमीन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि न तो सरपंच व पंचों की राय ली गई और न ही पारदर्शिता से सर्वे हुआ। वहीं, महिला ममता ने कहा कि वे सर्वे से संतुष्ट नहीं हैं। तीन-तीन एकड़ जमीन वालों का नाम सर्वे में है लेकिन झोपड़ी डालकर या किराये पर रहने वालों का नाम नहीं है। पूनम ने कहा कि दोबारा सर्वे करवाकर पात्र लोगों को प्लाॅट दिए जाएं।