तपती गर्मी से बेहाल कश्मीर के कारोबारी आखिरकार शुक्रवार देर रात अपने घर के लिए रवाना हो गए। जिला प्रशासन ने 25 लोगों के लिए मूवमेंट पास जारी कर दिया, जिसके बाद वे कश्मीर चले गए।
व्यापारी नेता अशोक मिनोचा ने बताया कि 25 कश्मीरी कारोबारी जनवरी 2020 में रोहतक आए थे। ये लोग हर साल कंबल और गर्म कपड़े बेचने यहां आते हैं। अभी वे अपना सामान बेच कर वापस लौटते, इसी बीच कोरोना ने देश में दस्तक दे दी। इसी दौरान कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए देशव्यापी लॉक डाउन का एलान कर दिया गया। ट्रेन, बस जैसे सार्व जनिक यातायात के साधन बंद हो गए। राज्यों की सीमाएं सील होने के कारण निजी वाहनों का मूवमेंट भी बहुत मुश्किल हो गया। इस दौरान गर्मी बढ़ने से कश्मीरी कारोबारियों का हाल बेहाल होने लगा। मिनोचा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से बात की। वहीं, उपायुक्त आरएस वर्मा से भी संपर्क किया। आखिरकार काफी प्रयासों के बाद इन 25 लोगों को कश्मीर जाने के लिए मूवमेंट पास जारी कर दिया गया। इन कारोबारियों में मोहम्मद लोन, मंजूर अहमद बट, मुजीब-उल-अहद पाला, मुश्ताक अहमद लोन भी शामिल हैं। सभी ने मिनोचा समेत स्थानीय कारोबारियों, पूर्व मंत्री ग्रोवर और डीसी आरएस वर्मा का आभार जताया।