रोहतक। शहर के सेक्टर-6 स्थित तंबू में जयहिंद सेना की बैठक होगी। सेना सुप्रीमो नवीन जयहिंद राज्यसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करेंगे। यहीं भोले के भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। जयहिंद ने कहा कि बैठक में जयहिंद सेना के कोर कमांडर से आगामी रणनीति पर सुझाव लिए जाएंगे। साथ ही कब व किस विधायक से मिलने का समय लेना है, इस पर निर्णय लिया जाएगा। जनसमस्याओं को समाधान के लिए विधायकों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अब लोग अपनी समस्याएं लेकर तंबू में आते हैं। इनकी जितनी मदद कर सकता हूं, करूंगा। जनता ने जिसे चुना है, यह उनकी भी जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान कराएं।
आम आदमी पार्टी की गारंटी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि एसवाईएल की गारंटी कौन देगा। हरियाणा की जनता को उसका हक कौन देगा। अरसे से 70 प्रतिशत जहरीला पानी पी रही जनता को साफ पानी कौन देगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लागू कौन करेगा। पहले हरियाणा को उसका हक दे व एसवाईएल पर पार्टी अपना रुख स्पष्ट करे। शराब घोटाले पर कहा कि केजरीवाल हरियाणा का लाल नहीं, बल्कि शराब का दलाल है। संजय सिंह भी शराब माफिया का हिस्सा है।