देशद्रोह के आरोप का सामना कर रहे प्रोफेसर विरेंद्र सिंह पर शिकंजा कसता जा रहा है। मंगलवार को गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद बुधवार को प्रोफेसर की तलाश में पुलिस टीम रवाना कर दी गईं। अलग-अलग टीमों को प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित दिल्ली और चंडीगढ़ तक भेजा गया है। पुलिस को कुछ जगहों पर आरोपी की लोकेशन मिली है।
जांच में शामिल होने और बयान दर्ज करवाने के लिए प्रोफेसर के पास बुधवार तक का समय था। पुलिस ने आरोपी को जांच में सहयोग के लिए बयान दर्ज करवाने को 48 घंटे का समय दिया था। विरेंद्र को रविवार तक बयान दर्ज करवाने थे, लेकिन वे नहीं पहुंचे।
उनके वकील ने पुलिस प्रशासन से और तीन दिन का समय मांगा। बुधवार को वह मोहलत भी खत्म हो गई। इससे पहले, कोर्ट ने मंगलवार को विरेंद्र के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। बता दें कि विवादित ऑडियो टेप सामने आने के मामले में प्रोफेसर विरेंद्र सिंह के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज किया गया था। समय दिये जाने के बाद भी विरेंद्र सिंह पुलिस के सामने अपना पक्ष नहीं रख सके। अब कोर्ट द्वारा जारी किए गए गिरफ्तारी वारंट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीमों को रवाना कर दिया गया है। पवन कुमार (डीएसपी, रोहतक)