मकडौली टोल प्लाजा के पास फास्ट टैक के लिए टोकन बनवाते लोग।
तीन दिन बाद राष्ट्रीय स्तर पर टोल पर फास्टैग सिस्टम लागू हो जाएगा। नए सिस्टम से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। अगर कोई वाहन चालक किसी टोल से गुजरता है तो फास्टैग स्कैन होने पर उसके अकांउट से एक बार का पैसा कट जाएगा। इस दौरान वाहन चालक 24 घंटे के अंदर दोबारा उसकी टोल से वापस आता है तो उसके अकाउंट से दोबारा राशि कटेगी, लेकिन वह केवल उतनी ही अपने आप कट जाएगी जितनी उस गाड़ी की आने-जाने समेत मिलाकर छूट अनुसार कुल बननी चाहिए। रोहतक शहर के सबसे नजदीक टोल गोहाना रोड पर है। मकड़ौली टोल प्लाजा के अधिकारी कर्नल सहरावत ने बताया कि नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की तरफ से हर वाहन मालिक को अपने वाहन पर फास्टैग लगवाना अनिवार्य है। हर रोज 500 से 600 वाहन मालिक मकड़ौली टोल प्लाजा पर फास्टैग लगवाने आ रहे हैं। इसके लिए वाहन की आरसी, वाहन मालिक का आधार कार्ड व पासपोर्ट साइज दो फोटो के साथ वाहन को लेकर जाना होगा। सरकारी बैंक, निजी बैंक, दूर संचार कंपनी से लेकर टोल पर भी फास्टैग बनाए जा रहे हैं। एनएचएआई की तरफ से 15 दिसंबर से फास्टैग लगवाना अनिवार्य किया गया है।
20 किलोमीटर के दायरे के पास धारकों ने बनाया फास्टैग
टोल अथॉरिटी के मुताबिक टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में 2 हजार के करीब लोगों ने फास्टैग लगवाया है। 15 दिसंबर से फास्टैग लाइन पर सेंसर बोर्ड गाड़ी के आगे लगे स्टीकर को स्कैन करेगा। इसके बाद गाड़ी मालिक के फास्टैग अकाउंट से राशि कट जाएगी।
गलती से फास्टैग लाइन में घुसे तो डबल लगेगी फीस
एनएचएआई की तरफ से व्यवस्था की गई है कि अगर किसी वाहन मालिक ने फास्टैग नहीं लगवाया और फास्टैग वाली लाइन में घुस जाता है तो उसे वाहन को टोल पर मौजूद एक कैश वाली लाइन से गुजरना होगा, जहां टोल फीस दोगुना भरनी पड़ेगी।
हर रोज 500 से ज्यादा वाहन मालिक फास्ट टैग लगवाने आ रहे हैं। एनएचएआई की तरफ से 15 दिसंबर तक फास्टैग लगवाने की तिथि तय की गई है। इसके बाद हर टोल पर कैश की सिर्फ एक लाइन होगी। अगर किसी वाहन मालिक ने फास्टैग लाइन से बिना फास्ट टैग निकलने का प्रयास किया तो उसे कैश वाली लाइन में जाकर दोगुना राशि जमा करानी होगी।
- कर्नल सहारावत, सीजीएम मकड़ौली टोल प्लाजा