बैठक के दौरान उपस्थित सर्व खाप कोर कमेटी के सदस्य। विज्ञप्ति
रोहतक । सामाजिक मुद्दों को लेकर सर्व खाप कोर कमेटी की बैठक सर्व खाप संयोजक महेंद्र सिंह नांदल की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने युवाओं में जड़ पकड़ती नशे की महामारी और युवाओं के स्वच्छंद व्यवहार को लेकर चिंता प्रकट की। उन्होंने कहा कि युवक और युवतियां नशे की तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। नशा एक लत के रूप में उन्हें अपनी चपेट में ले रहा है। अभिभावकों को इस पर गहन चिंतन करने की जरूरत है और अपनी युवा पीढ़ी पर एक अभिभावक वाली नजर रखनी चाहिए। बच्चों को नशे जैसी बुराई के प्रति जागरूक, सचेत व शिक्षित करते रहना चहिए।
हुड्डा खाप के पूर्व प्रधान धर्मपाल हुड्डा ने चिंता प्रकट की कि हमारे कुछ युवक और युवतियां घर से स्कूल या कॉलेज जाने के नाम पर शहरों में आते हैं और वे अपनी कक्षाओं में न जाकर पार्कों व होटलों में अनैतिक कार्यों में समय व धन बर्बाद करते रहते हैं। इसके कारण हमारे युवाओं का चारित्रिक और नैतिक पतन हो रहा है। हमें इस बुराई के प्रति सजग रहना होगा और अपने बच्चों पर एक अभिभावकों को नजर बनाए रखनी होगी। हिसार से आए दलजीत पंघाल ने नशे की लत को युवाओं के लिए हानिकारक बताते हुए युवाओं को इस बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। मलिक खाप के प्रतिनिधि राजवीर मलिक ने युवाओं को खेलो और प्रतियोगिताओं की तरफ अग्रसर होने की बात कही, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।
सर्व खाप प्रवक्ता कैप्टन जगबीर मलिक ने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि युवा हमारे समाज और देश का भविष्य है। इन्हें किसी भी ऐसे अनैतिक कार्य में शामिल नहीं रहना चहिए, जिससे आपके परिवार और खानदान की मर्यादाओं को ठेस पहुंचे। स्वच्छंदता और नशा कुछ पलों के लिए आनंद दायक हो सकते है, लेकिन ये आपके भविष्य को चौपट कर सकते हैं, इसलिए युवाओं को नशे और स्वच्छंद व्यवहार से परहेज कर अपने भविष्य को संवारना चाहिए।