कलानौर। नगर पालिका कलानौर की 64 एकड़ भूमि पर हुए कथित अवैध मिट्टी खनन मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को नगर पालिका के पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने रोहतक मंडल के अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत पत्र सौंपा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज कराने की हिदायत दी।
पार्षदों ने शिकायत में आरोप लगाया कि नपा की भूमि पर सफाई एवं समतलीकरण के नाम पर ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया गया। इससे नगर पालिका को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि खनन विभाग की जांच में भी मिट्टी की खोदाई पाए जाने का उल्लेख किया गया है। संबंधित ठेकेदार पर 53,512 रुपये जुर्माना लगाया गया है।
पार्षदों का कहना है कि खनन विभाग की ओर से लगाया गया जुर्माना मात्र औपचारिक कार्रवाई है और इससे नपा को हुए वास्तविक नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने संबंधित ठेकेदार का टेंडर रद्द करने, उसे भविष्य की टेंडर प्रक्रियाओं से ब्लैकलिस्ट करने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। संवाद