महंगाई को लेकर सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल कार्यकर्ताओं ने रोहतक शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। रानिया से विधायक अर्जुन सिंह चौटाला की अगुवाई में यह प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन करते हुए इनेलो कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी को ज्ञापन देने की मांग करते रहे लेकिन डीसी रोहतक ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने लघु सचिवालय में ही धरना दिया। इस दौरान पुलिस ने लघु सचिवालय के गेट बंद कर दिए और मामला और भी गरमा गया।
इस दौरान करीब 15 मिनट तक पुलिस और विधायक अर्जुन चौटाला के बीच बहस हुई। हंगामा बढ़ता देख डीसी सचिन गुप्ता एसपी गौरव राजपुरोहित को लेकर मौके पर पहुंचे। एसपी ने विधायक को समझाने का प्रयास किया।आरोप है कि विधायक ने एसपी को अपशब्द बोले। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।