पीजीआई में उपचाराधीन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के डायरेक्टर डॉ. आशीष दहिया की हालत में कोई सुधार न होने पर उन्हें मेदांता अस्पताल गुड़गांव रेफर कर दिया गया है।
डॉ. दहिया की एक किडनी खराब होने के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था। इस बारे में उनके परिजनों ने पीजीआई प्रबंधन से भी बात की थी, जिस पर डॉक्टरों ने उन्हें मेदांता में रेफर करने की सलाह दी।
इस पर सायं चार बजे विशेष एंबुलेंस से उन्हें मेदांता भेज दिया गया। एमडीयू के कुलसचिव प्रो. एसपी वत्स ने बताया कि डॉ. दहिया के इलाज का खर्च एमडीयू प्रशासन वहन करेगा।
सोमवार को रोल नंबर न मिलने से खफा छात्र वेदेंद्र ने उन्हें उनके ही कार्यालय में दो गोलियां मार दी थीं। इस घटना के विरोध में सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए कर्मचारियों ने काली पट्टियां बांधकर काम किया।
छात्रों ने मांगी दुआ, कर्मचारियों ने रोष जताया
निदेशक के स्वास्थ्य में सुधार के लिए एमडीयू के हॉस्टल नंबर छह में छात्र-छात्राओं ने हवन यज्ञ किया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही घटना के विरोध में सुरक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर काम किया।
मोटरसाइकिल और पिस्तौल बरामद
एमडीयू के होटल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. दहिया को गोली मारने के आरोपी छात्र वेदेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने हमले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व पिस्तौल घर से बरामद कर लिया है।
पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश करेगी, परंतु अभी आरोपी ने यह खुलासा नहीं किया है कि वह पिस्तौल कहां से लेकर आया था।
इलाज के लिए दस लाख रुपये जारी किए
एमडीयू के कुलपति एचएस चहल ने बताया कि पीजीआईएमएस के चिकित्सकों की सलाह के बाद डॉ. दहिया को मेदांता में शिफ्ट किया गया है। कुलपति ने बताया कि उनके इलाज के लिए 10 लाख रुपये अग्रिम राशि विश्वविद्यालय की तरफ से जारी कर दी गई है।