30-गांधी कैंप मंडी में पालक, बथुआ व सरसों का साग की खरीदारी करते ग्राहक। संवाद
रोहतक। खाने की थाली में भोजन के पोषक तत्वों को लोकल हरी सब्जियां बढ़ा रही हैं। नई सब्जी मंडी में रोजाना पालक, बथुआ व सरसों का साग की करीब चार टन की आवक हो रही है। जिले के लाहली, डोभ, भाली, बहू जमालपुर व माड़ोधी आदि गांवों से नई सब्जी मंडी में हे सब्जियां आ रही हैं।
नई फल व सब्जी मंडी के पूर्व प्रधान सोनू छाबड़ा व सब्जी आढ़ती पियूष ने बताया कि इन दिनों मंडी में पालक, बथुआ व सरसों आदि हरी सब्जियों की आवक आसपास के गांवों से ही हो रही है। ज्यादातर लोग सर्दी में हरी सब्जियां खाना पसंद करते हैं।
गांधी कैंप सब्जी मंडी के व्यापारी तालूदार व कन्हैया ने बताया कि सर्द मौसम में हरी सब्जियां खाना पसंद करते हैं। पालक, बथुआ आदि हरी सब्जियों के दाम 40 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम बने हुए हैं। ग्राहक नरेश, महेश व मालती ने बताया सब्जियों के सेवन से शरीर में आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं।
पीजीआईएमएस की सीनियर डाइटिशियन पूनम कथूरिया का कहना है कि पालक, बथुआ व सरसों के साग आदि हरी सब्जियों में पाए जाने वाले पोषक तत्व शरीर के लिए आवश्यक होते हैं। इनमें विटामिन के अलावा फाइबर, आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम आदि पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं और खून की कमी को भी दूर करने में सहायक हैं। इनके सेवन से हड्डियां मजबूत होती हैं और सर्दी में इनका सेवन करना फायदेमंद है।