संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। पीजीआईएमएस में शुक्रवार को पीडियाट्रिक्स विभाग की ओपीडी में नवनिर्मित स्तनपान कक्ष और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का उद्घाटन किया गया। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल ने रिबन काटकर इसका उद्घाटन किया।
स्तनपान कक्ष का उद्देश्य माताओं को एक सुरक्षित, निजी और आरामदायक स्थान प्रदान करना है। एनआरसी का उद्देश्य गंभीर कुपोषण से पीड़ित बच्चों को विशेष आहार और चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है।
डॉ. एचके अग्रवाल ने कहा कि स्तनपान नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। पीजीआईएमएस मरीजों और उनके परिजनों के लिए सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
इस दौरान निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस में स्तनपान कक्ष और एनआरसी की स्थापना महत्वपूर्ण कदम है। यह माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक है।
चिकित्सा अधीक्षक एवं शिशु रोग विभाग अध्यक्ष डॉ. कुंदन मित्तल ने कहा कि स्तनपान कक्ष और एनआरसी की स्थापना से माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर कुलपति डॉ. एचके अग्रवाल, निदेशक डॉ. एसके सिंघल, चिकित्सा अधीक्षक और पीडियाट्रिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. कुंदन मित्तल, डॉ. आलोक खन्ना व अन्य उपस्थित रहे।