रोहतक। पुरानी आइटीआई परिसर में श्री रामलीला उत्सव कमेटी की ओर से सोमवार को आठवें दिन रामलीला में लंका दहन व अशोक वाटिका उजाड़ने का मंचन हुआ। देर शाम शुरू हुए रामलीला मंचन में श्रीराम व लक्ष्मण माता सीता की खोज करते हुए शबरी से मिले। यहां श्रीराम ने उनके झूठे बेर खाए। मंच पर यह मनोहारी दृश्य देख दर्शक आत्मविभोर हो गए।
रामलीला में सोमवार रात सांसद दीपेंद्र हुड्डा व विधायक भारत भूषण बतरा मुख्य अतिथि रहे। सांसद ने मंच से राम के गुणों को अपनाने का आह्वान किया। यहां सुरेंद्र जैन, राकेश गुगनानी, सुरेंद्र अग्रवाल, अंशुल पठानिया, अजय गुप्ता, राजेश जैन, सुभाष तायल ने श्रीराम की संगीतमयी आरती व रामलीला मंचन का शुभारंभ किया।
शहर के पटेल नगर में न्यू रामलीला कमेटी के मंच पर सीता हरण लीला का मंचन किया गया। पुराना बस स्टैंड स्थित श्री प्राचीन रामलीला सोसायटी के मंच पर बाली वध का मंचन हुआ। लेबर चौक स्थित कुकारों वाली रामलीला कमेटी के मंच पर सीता हरण, पुरानी अनाज मंडी स्थित कृष्णा ड्रामेटिक क्लब के मंच पर बाली वध, प्रताप मोहल्ला स्थित श्री सनातन धर्म पंजाबी रामलीला क्लब के मंच पर बाली वध का मंचन किया गया। दर्शकों ने शानदार मंचन के लिए कलाकारों को खूब सराहा।