महम। अनाज मंडी के आढ़तियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है। इसके साथ ही गेहूं व सरसों की खरीद शुरू हो गई है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान धर्मवीर सिवाच ने बताया कि प्रशासन की ओर किसी भी किसान व आढ़ती को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
मंगलवार दोपहर एसडीएम विपिन कुमार ने आढ़तियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा कि आढ़तियों को चाहिए कि वे बारिश से बचाव के लिए अपने पास तिरपाल की व्यवस्था करें। किसानों को सूखी व साफ फसल लेकर आने के लिए प्रेरित करें। मंडी प्रशासन को आदेश दिए गए हैं कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दें।
गेट पास तुरंत मिले, इसके अलावा भोजन व पानी की व्यवस्था सुचारु रूप से रहे। मंडी सचिव दीपक ने बताया कि मंडी प्रशासन की ओर से पांच बायोमीट्रिक सेंटर बनाए गए हैं। अभी तक किसी भी किसान के अंगूठे आदि न मिलने की कोई शिकायत नहीं है। इस मौके पर संजय दलाल, रामनिवास बडाली, रामफल व अन्य आढ़ती मौजूद रहे।
फोटो 01 महम मंडी में आढ़तियों की बैठक लेते एसडीएम विपिन कुमार। स्रोत : प्रशासन