महम (रोहतक)। खरकड़ा गांव में महम शुगर मिल के क्लर्क जयबीर (53) की कुत्तों के काटने से मौत के मामले में पंचायत सक्रिय हो गई है। गांव के सरपंच राजीव का कहना है कि पंचायत खूंखार कुत्तों को पकड़कर जंगल में छोड़ने की योजना बना रही है। इसके लिए प्रशासन की मंजूरी ली जाएगी।
शुक्रवार को भी जयबीर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ सकी। जांच अधिकारी नरेश दहिया ने बताया कि डॉक्टरों ने मौखिक तौर पर कहा है कि जयबीर की कुत्तों के काटने से मौत हुई है। रिपोर्ट आने में समय लगेगा।
खरकड़ा निवासी जयबीर बुधवार सुबह घर पर ड्यूटी पर जाने की कहकर गए थे। इसके बाद नहीं लौटे। वीरवार तड़के 4 बजे वह गांव की चौपाल में लहूलुहान हालत में मिले थे। उन्हें गांव के आवारा कुत्ते काट रहे थे। दोनों हाथों, पैरों व कंधे पर घाव के निशान थे। गंभीर हालत में उन्हें पीजीआई में दाखिल कराया गया था जहां उनकी मौत हो गई थी।