रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा तीन मार्च से शुरू हो रही है। इसके लिए जिले में 61 सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा सुचारु रूप से कराने और नकल रहित परीक्षा कराने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को कुछ प्राचार्यों के साथ भी बैठक की। इसके बाद उन्होंने एक मार्च को उपायुक्त की अध्यक्षता में होने वाली 61 केंद्र निरीक्षकों व फ्लाइंग सदस्याें की की मीटिंग को लेकर वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल के हाल का निरीक्षण किया। इस दौरान डीईओ परमेश्वरी हुड्डा के साथ डीपीसी जितेंद्र सांगवान भी रहे। रविवार को जिला उपायुक्त की उपस्थिति में 61 सेंटर सुपरीटेंडेंट को परीक्षा सामग्री सभी खंड शिक्षा अधिकारी, उप जिला शिक्षा अधिकारी की उपस्थिति में दी जाएगी। पहले उड़न दस्ते के सदस्य बीईओ अपने स्तर पर लिस्ट तैयार करके रखते थे। इस बार उनकी लिस्ट बोर्ड की तरफ से जारी की गई है। इसके अलावा एसडीएम स्तर की फ्लाइंग भी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेगी। नकल पर लगाम न लगा पाने वाले सेंटरों को भविष्य में रद्द भी किया जा सकता है।
एक कमरे में दो बच्चों के पास नकल मिलती है तो निरीक्षक पर होगी कार्रवाई
नकल रहित परीक्षा कराने के लिए इस बार बोर्ड ने और भी ज्यादा सख्त कदम उठाए हैं। किसी भी कमरे में दो से ज्यादा विद्यार्थियों के पास अगर नकल सामग्री मिलती है तो निरीक्षक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें सभी निरीक्षकों को मीटिंग में सूचित भी कर दिया जाएगा। वहीं, गांव में परीक्षा केंद्रों को नकल रहित रखने के लिए ग्राम पंचायतों से भी सहयोग मांगा गया है। इसमें सरपंच को अपने सत्र पर शरारती तत्वों की पहचान करके उन पर नियंत्रण रखने की मांग की है।
पांच ब्लॉक में 15 अति संवेदनशील और 5 संवेदनशील केंद्र
जिले के पांच ब्लॉक में 61 परीक्षा केंद्र हैं, जिनमें 15 अति संवेदनशील व पांच केंद्र संवेदनशील चिह्नित किए गए हैं। 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा जिले के करीब 18 हजार विद्यार्थी देंगे। 10वीं की परीक्षाएं 4 मार्च से 27 मार्च और 12वीं की परीक्षा 3 मार्च से 31 मार्च तक चलेंगी।