फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Wrestlers Protest: मैं तो परेशान हो लिया, घर भी नहीं आ पा रहा हूं... नाबालिग के पिता ने बयां किया अपना दर्द

Sun, 04 Jun 2023 08:31 AM IST
भूपेंद्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, रोहतक (हरियाणा)

सार

पहलवान बेटियों के समर्थन में खाप पदाधिकारियों का कहना है कि महिला पहलवानों के यौन शोषण के मामले में बेटियों को न्याय दिलाना और आरोपी सांसद बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग पर वो अडिग हैं। हरियाणा में बेटियों से जन भावना जुड़ रही है।
विज्ञापन
Wrestlers protest - फोटो : अमर उजाला (फाइल)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मैं तो परेशान हो लिया। घर भी नहीं आ पा रहा हूं। कब तक लौटूंगा, मुझे भी नहीं पता। हालात बुरे हैं, इसलिए मैं भी चुप हूं। जितना बताना था, मैं बता चुका हूं। रोज-रोज की कहानी ने परेशान कर दिया है। अब और बर्दाश्त नहीं होता। कुछ यही कहना है सांसद बृजभूषण सिंह के खिलाफ पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कराने वाली लड़की के पिता का। अमर उजाला से हुई बातचीत में पिता ने अपना दर्द बयां किया।

विज्ञापन


शनिवार देर शाम फोन पर पिता ने महज 52 सेकेंड बात की। वह एक मिनट भी पूरी तरह बात नहीं कर पाए। इससे पिता की तकलीफ साफ झलकती है। वह पिछले कई दिनों से रोहतक स्थित अपने घर नहीं आए हैं। मीडिया से चलते-चलते बात कर केवल अपनी पीड़ा का कुछ अंश ही बता पाए।

अब यह पिता केस के कारण चल रही रोज-रोज की इस भागदौड़ से परेशान हो चले हैं। वहीं केस वापस लेने की अफवाहों पर बोले कि ऐसा कुछ नहीं है। मैं बाहर हूं, लेकिन दिल्ली नहीं गया। न ही कोई शिकायत वापस ली है।
विज्ञापन


खापों को 9 जून का अल्टीमेटम खत्म होने का इंतजार, 10 के दिल्ली कूच के लिए ग्राउंड में उतरे पदाधिकारी
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित पंचायत में लिए गए फैसले के अनुसार चरखी दादरी जिले की खापों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल खाप पदाधिकारियों को 9 जून का अल्टीमेटम खत्म होने का इंतजार है और इसके बाद 10 जून को दिल्ली कूच होगा।

 

इसमें लोगों की अच्छी खासी भागीदारी करने के लिए खाप पदाधिकारी गांवों में निकल चुके हैं। खाप पदाधिकारियों का कहना है कि महिला पहलवानों के यौन शोषण के मामले में बेटियों को न्याय दिलाना और आरोपी सांसद बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग पर वो अडिग हैं। वहीं, गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है कि 4 जून को मुंडलाना में होने वाली महापंचायत में कुरुक्षेत्र महापंचायत में लिए गए फैसले पर अगली रणनीति तैयार की जाएगी।

बता दें कि आंदोलन की अगुवाई कर रही विनेश फौगाट चरखी दादरी जिले के बलाली गांव से है। वहीं, बजरंग पूनिया का भी बलाली से जुड़ाव है और वो द्रोणाचार्य अवाॅर्डी पहलवान महाबीर फौगाट के दामाद हैं। अब तक दादरी जिले की खापें इस आंदोलन में उतना योगदान नहीं दे पाई थीं, जितना अपेक्षित था। दिल्ली में जिले की बेटियों के साथ हुई घटना के बाद से खापें सक्रिय हैं। अब उनकी नजर कुरुक्षेत्र महापंचायत में लिए गए फैसले पर है।


दादरी जिले की खापों के पदाधिकारियों का कहना है कि रविवार को मुंढलाना में होनी वाली महापंचायत में भी जिले से भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा खाप पदाधिकारी 9 जून का अल्टीमेट खत्म होने के बाद 10 जून को पहलवानों का दोबारा से दिल्ली में धरना शुरू कराने की भी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

 

उनका स्पष्ट कहना है कि इस बार न केवल पहलवानों का दोबारा धरना शुरू कराया जाएगा बल्कि बृजभूषण की गिरफ्तारी और आंदोलनरत पहलवानों को सुरक्षा भी दिलाई जाएगी।

सात जून तक महापंचायत होने की संभावना
दादरी जिले में जल्द ही दिल्ली कूच को लेकर एक महापंचायत आयोजित की जा सकती है। हालांकि इसकी अभी तारीख तय नहीं हुई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि महापंचायत सात जून तक आयोजित हो सकती है। इसमें दादरी जिले की सांगवान खाप-40, फौगाट खाप-19, श्योराण खाप-25, हवेली खाप-12, सतगामा और चिड़िया खाप-5 समेत जनसंगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
 

इधर...तीन दिन से सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं पहलवान
आंदोलन शुरू करने से लेकर हरिद्वार पहुंचने तक विनेश फौगाट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल रहे हैं। ट्विटर का भी ये पूरा उपयोग कर रहे हैं। वहीं, पदक प्रवाहित करने के लिए हरिद्वार पहुंचने के बाद से ही तीनों ने कोई ट्वीट नहीं किया है।

दिल्ली जाकर लड़ेंगे आर-पार की लड़ाई : बलवंत फौगाट
देश की बेटियों के साथ सरासर गलत हो रहा है। 9 जून का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद 10 जून को दिल्ली जाकर पहलवानों का धरना दोबारा शुरू कराया जाएगा। दादरी जिले की खापें आर-पार की लड़ाई लड़कर बेटियों को न्याय दिलाएंगी।
बलवंत फौगाट, प्रधान, फौगाट खाप-19

जल्द बुलाएंगे सभी खापों की महापंचायत: नरसिंह सांगवान
सांगवान खाप-40 और दादरी जिले की खापें पहलवानों के साथ हैं। अल्टीमेटम खत्म होते ही दिल्ली कूच करेंगे और इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार दिल्ली करने वालों की संख्या काफी ज्यादा रहेगी। पुलिस को भी गिरफ्तारी नहीं देंगे और हर हाल में दिल्ली पहुंचेंगे। -नरसिंह सांगवान, सचिव, सांगवान खाप-40

मुंडलाना महापंचायत में बनाएंगे अगली रणनीति : गुरनाम सिंह चढूनी
कुरुक्षेत्र महापंचायत में जो फैसले लिए गए, उन पर अमल की रणनीति बनाने के लिए 10 जून को मुंढलाना में महापंचायत होगी। इसमें आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। जो भी फैसला लिया जाएगा, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। -गुरनाम सिंह चढूनी, भारतीय किसान यूनियन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें