रोहतक। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन हिम्मत सिंह रविवार सुबह नए बस अड्डे पर पहुंचे और अभ्यर्थी बनकर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन किया। कहा-मेरे प्रवेश परीक्षा पत्र में केंद्र का नाम सही नहीं लिखा है। अभी रोहतक बस स्टैंड पर खड़ा हूं। कृपा सहायता करें। हेल्पलाइन की तरफ से जांच कर परीक्षा केंद्र बताया गया। चेयरमैन व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। इसके बाद बस में सफर किया और डीसी के साथ दो परीक्षा केंद्रों का जायजा लेकर रवाना हो गए।
एचएसएससी के चेयरमैन शनिवार को रोहतक आए थे और कई परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया और अभिभावकों से भी बात की। शनिवार रात को कैनाल रेस्ट हाउस में ठहरे। सुबह उठकर नए बस स्टैंड पर पहुंचे और रोडवेज की तरफ से की गई परिवहन व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद राजीव गांधी स्टेडियम में पहुंचकर छानबीन की। उन्होंने अभ्यर्थियों व ड्यूटी देने वाले स्टाफ से भी बातचीत की। शटल बस सेवा का निरीक्षण किया। मौके पर रोडवेज महाप्रबंधक विपिन कुमार भी मौजूद रहे।