दिवाली पर अपनों को उपहार देना हो या त्योहार की खुशी साझा करनी हो तो मिठाई खाना-खिलाना जरूर होता है। इसके चलते मिठाई बाजार सजा हुआ है। असंख्य अस्थायी दुकानों पर भी मिठाई की बिक्री हो रही है।
दिवाली तक मिठाई बिक जाएगी और लोग इसे खाकर खत्म भी कर देंगे। इसके बाद मिठाइयों की गुणवत्ता रिपोर्ट आएगी। ऐसे में यदि मिठाई खराब है या इसके खाने से किसी तरह की परेशानी होती है तो इसके लिए ग्राहक खुद जिम्मेदारी होगा।
त्योहारी सीजन में लिए जाने वाले खाद्य पदार्थों के सैंपल की रिपोर्ट अब नए साल में आएगी। नवंबर 2023 में दीपावली पर लिए गए सैंपल की रिपोर्ट भी 30 फरवरी 2024 तक आई थी। अब फिर से एफडीए (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) की टीम दीपावली के चलते पिछले करीब 15 दिनों से सैंपल ले रही है। टीम ने दशहरा से अब तक 45 सैंपल लिए हैं। इनकी रिपोर्ट डेढ़ से दो माह बाद ही आने की उम्मीद है। इसकी बड़ी वजह लैब पर वर्कलोड होना है। प्रदेश भर से लैब में सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। ऐसे में वहां मौजूदा स्टाफ पर सभी सैंपलों की जांच का भार पड़ेगा।
-
पर्व सहित समय-समय पर विभाग के ओर से अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर कार्रवाई की जाती है। संदेह होने पर लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के लिए भेजा जाता है। जहां से जांच की रिपोर्ट आने के बाद नमूना फेल होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाती है।
योगेश कादियान, एफएसओ, एफडीए (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन)।