झज्जर। बाजार में खरीददारी करते लोग। संवाद
झज्जर। शहर में कई प्रजापत समाज मिट्टी के दीये बना रहे हैं, जोकि देश-प्रदेश के अलावा विदेशों में भी जाते हैं। इस बार भी झज्जर में बनने वाले दीये दीपावली पर अनेक स्थानों को जगमग करेंगे। झज्जर से तीन गाड़ी राजस्थान के चितौड़गढ़, एक गाड़ी महाराष्ट्र के नासिक, पांच गाड़ियां गुजरात के सूरत, वापी व नवसारी, एक गाड़ी मध्यप्रदेश के नीमच, दो गाड़ी चंड़ीगढ़, दो गाड़ी लुधियाना, पांच गाड़ी मुंबई, एक गाड़ी भीलवाड़ा, तीन गाड़ी पटियाला और चार गाड़ी जयपुर के लिए गई हैं। झज्जर के करीब 70 लाख दीये देश के कई प्रदेशों को जगमग करेंगे।
सेल पर रही ज्यादा भीड़
छोटी दीपावली पर बाजारों में सेल के कपड़ों की अधिक मांग रही। सेल लगाने वाली स्टॉलों पर लोगों की भीड़ रही। कपड़ों के अलावा जूतों, घरेलू सामान, कॉस्मेटिक आदि सामानों की सेल जगह-जगह लगी रही।
चोरों ने उड़ाया लोगों का सामान
दीपावली पर्व पर बाजार में चोरों की सक्रियता भी रही। एक महिला का पर्स चोरी हो गया। पर्स में 1400 रुपये नकदी व आधार कार्ड था। महिला ने ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन नहीं मिला। वहीं एक अन्य महिला का पर्स चोरी हो गया। उसमें 8 हजार रुपये की नगदी थी। इसकी शिकायत व्यापार मंडल प्रधान को दी गई। व्यापार मंडल प्रधान राकेश अरोड़ा ने डीसीपी से बातचीत कर बाजार में गश्त बढ़ाने की मांग की।
यह रहेगा शुभ मुहूर्त
बाबा प्रसाद गिरि मंदिर के पंडित नरेंद्र ने बताया कि दीपावली त्योहार के मद्देनजर वीरवार को दो शुभ मुहूर्त रहेंगे। इसमें सुबह 5:30 से 9:15 तक रहेगा। वहीं शाम के समय शुभ मुहूर्त 7:15 से 8:52 तक रहेगा।