हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के अध्यक्ष एवं सांसद कुलदीप बिश्नोई ने
दावा किया कि हिसार में दो दिसंबर को विजय महारैली में कांग्रेस की गोहाना
रैली से ज्यादा जनसैलाब उमड़ेगा।
उन्होंने विजय अभियान के दौरान
रोहतक के कई गांवों का दौरा करने के बाद कहा कि कांग्रेस सरकार ने सौ एकड़
में शक्ति रैली करने की घोषणा की थी, लेकिन वह मात्र 15-16 एकड़ में ही
सिमट गई। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि यह लोगों का प्यार और उत्साह ही है कि 2
दिसंबर को हिसार में होने वाली विजय महारैली का आयोजन स्थल 150 एकड़ जगह
में करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह
हुड्डा आए दिन कहते थे कि गोहाना रैली में आओगे तो खुशी से कूदते हुए
जाओगे। इससे प्रदेश वासियों को कुछ उम्मीद थी कि शायद मुख्यमंत्री
जाते-जाते कुछ अच्छे काम करके जाएं, किंतु हुआ कुछ नहीं। गोहाना को जिला
बनाने, कर्मचारियों को पंजाब की तर्ज पर वेतन व सेवा लाभ देने, छात्र संघ
चुनाव बहाल करने जैसे महत्वपूर्ण मसलों के संबंध में भी हुड्डा चुप्पी साध
गए।
हजकां-भाजपा सरकार बनने पर मांगें होंगी पूरी : बिश्नोई
बिश्नोई
ने कहा कि रैली में झूठी घोषणाओं से जनता को बरगलाने की कोशिश की है, जो
घोषणाएं हुई हैं वे भी झूठ का पुलिंदा है। इनमें से अधिकतर पूरी ही नहीं हो
पाएंगी। हुड्डा द्वारा पिछले 9 वर्षों में की गई घोषणाओं में से 25
प्रतिशत भी पूरी नहीं हो पाई। हुड्डा के जो वायदे 9 साल में पूरे नहीं हुए,
वे 6 माह में कैसे पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर
उपरोक्त सभी मांगों को पूरा किया जाएगा।
इस दौरान वीरेंद्र कौशिक, प्रतिभा
सुमन, पूर्व विधायक सरिता नारायण, योगेंद्र नाथ मल्होत्रा, धर्मपाल मेहता,
विजेंद्र सिंगल एडवोकेट, सुरेंद्र माडू, नरेंद्र दलाल, रमेश बल्हारा, सतबीर
सैनी, प्रमोद सिंहपुरिया, जगजीत डागर, देवेंद्र शर्मा, सुशील सैनी,
रविंद्र दलाल, रणबीर पांचाल, संदीप हुड्डा, सुरेंद्र मग्गू आदि मौजूद रहे।