-फोटो 54 : नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे लोग। संवाद
बहादुरगढ़। मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। कभी गर्मी तो कभी ठंड। ऐसे में लोगों को तेज बुखार, मांसपेशियों-सिर में दर्द और सीने में भारीपनी महसूस हो रहा है। इससे मरीजों का बुरा हाल है। बदले मौसम के चलते वायरल बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइन लगी रहती है।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुंदरम ने बताया कि वायरल बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इनको तेज बुखार, सिर और हाथ-पैरों में दर्द हो रहा है। ठंडी सामग्री खाने-पीने से बच्चों की हालत खराब हो रही है। उन्होंने बताया कि दिन में गर्मी और सुबह-रात को पारा कम होने से लोग वायरल फीवर के चपेट में आ रहे हैं। खांसने से वायरस के संपर्क में आने पर घर के दूसरे लोग भी 2-3 दिन में चपेट में आ रहे हैं।
इन बातों का रखें ख्याल
- खांसते वक्त मुंह पर रुमाल रखें।
- नाक-मुंह पर बार-बार हाथ न लगाएं।
- भोजन से पहले हाथों को साबुन से साफ करें।
- सीने में जकड़न होने पर गर्म पानी से भांप लें।
- धूल-धुआं वाले क्षेत्रों पर जाने से बचें। मास्क लगाएं।